IND vs IRE: IPL 2026 में अपने बल्ले से तूफान मचाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अब इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने के लिए तैयार हैं। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज में युवा बल्लेबाज सबसे बड़ा आकर्षण होंगे। भारतीय टीम का नया T20 अभियान 26 जून से बेलफास्ट में शुरू हो रहा है और इस दौरे को इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने होने वाली अहम सीरीज की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।
BCCI ने इस सीरीज के लिए 15 सदस्यीय मजबूत टीम चुनी है। वैभव सूर्यवंशी को IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है, जहां उन्होंने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। दूसरी ओर आयरलैंड की टीम नए कप्तान लोर्कन टकर की अगुआई में मैदान पर उतरेगी। विकेटकीपर-बल्लेबाज टकर ने पॉल स्टर्लिंग की जगह कप्तानी संभाली है, जिन्होंने T20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद कप्तानी छोड़ दी थी।
हर बार भारत ने मारी है बाजी
भारत और आयरलैंड के बीच T20 क्रिकेट का इतिहास बहुत पुराना नहीं हैं। दोनों टीमें अब तक सिर्फ आठ बार आमने-सामने आई हैं और हर बार जीत भारत के हिस्से में गई है। आयरलैंड आज तक T20I क्रिकेट में भारत को हराने में सफल नहीं हो सका है। दोनों देशों की पिछली भिड़ंत T20 वर्ल्ड कप 2024 में न्यूयॉर्क में हुई थी, जहां भारत ने 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की थी।
वैभव पर होंगी सभी की निगाहें
भारत बनाम आयरलैंड T20I में रोहित शर्मा सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उनके नाम 4 मैचों में 201 रन दर्ज हैं। वहीं, आयरलैंड की ओर से एंड्रयू बालबर्नी ने सात मैचों में 161 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने आयरलैंड के खिलाफ चार मैचों में आठ विकेट झटके हैं। भारत का रिकॉर्ड भले ही आयरलैंड के खिलाफ एकतरफा रहा हो, लेकिन इस बार सीरीज का सबसे बड़ा आकर्षण युवा वैभव सूर्यवंशी होंगे। क्रिकेट फैंस यह देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि IPL में तहलका मचाने वाला यह स्टार बल्लेबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में खुद को किस तरह साबित करता है।
आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।
यह भी पढ़ें:
सुनील गावस्कर की BCCI से खास अपील, कहा- खिलाड़ियों और फैंस दोनों को मिले एक महीने का ब्रेक
क्या अगले सीजन भी चेन्नई सुपर किंग्स के कोच बने रहेंगे स्टीफन फ्लेमिंग? हो गया साफ