संजू सैमसन इस वक्त जबरदस्त तरीके से चर्चा में हैं। वे आज यानी 11 नवंबर को 31 साल के हो गए। इससे पहले ही उनको लेकर खबरें आनी शुरू हो गई थीं। आईपीएल 2026 के लिए रिटेंशन अब करीब है और चंद ही दिन बचे हैं, जब टीमों को बताना होगा कि उन्होंने किस खिलाड़ी को रिटेन किया है और किसे जाने दिया है। इस बीच खबर आई कि संजू सैमसन अब अपनी आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स को छोड़कर सीएसके जाने वाले हैं। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच आपको जानना चाहिए कि अगर संजू चेन्नई सुपरकिंग्स गए तो उन्हें कितने पैसे मिलेंगे।
सीएसके जा रहे हैं संजू, रवींद्र जडेजा और सैम करन जाएंगे राजस्थान
आईपीएल 2026 का सीजन भले ही मार्च में शुरू हो, लेकिन इसको लेकर काम अभी से शुरू हो गया है। टीमें अपने उन खिलाड़ियों की लिस्ट बनाने में लगी हैं, जिन्हें वे रिटेन और रिलीज करने जा रही हैं। साथ ही चर्चा ये भी है कि संजू सैमसम का ट्रेड होगा। संजू राजस्थान रॉयल्स को छोड़कर सीएसके जा रहे हैं। इसके बदले सीएसके की टीम राजस्थान को रवींद्र जडेजा और सैम करन को देने जा रही है। इसकी आधिकारिक पुष्टि एक से दो दिन के भीतर होने की उम्मीद है।
सीएसके ने सोशल मीडिया पर दी संजू सैमसम को जन्मदिन की बधाई
पता चला है कि इस पूरे ट्रेड में तीन खिलाड़ी और दो टीमें शामिल हैं, सभी इसको लेकर सहमत हैं और बीसीसीआई से औपचारिक अनुमति लेकर इसका ऐलान कर दिया जाएगा। इसी बीच संजू सैमसन का जन्मदिन भी आ गया। सीएसके यानी चेन्नई सुपरकिंग्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है, इसमें संजू सैमसन को जन्मदिन की बधाई दी है। इससे पहले ऐसा देखने को नहीं मिला था, इसलिए माना जाना चाहिए कि जो खबरें आ रही हैं, वो सही हैं और जल्द ही खुले तौर पर इसका ऐलान हो जाएगा।
18 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए थे संजू सैमसन
जब पिछले साल के आईपीएल के लिए राजस्थान रॉयल्स ने संजू सैमसन को रिटेन किया था, तब उन्हें 18 करोड़ रुपये दिए गए थे। इतनी ही रकम राजस्थान ने यशस्वी जायसवाल के लिए भी खर्च की थी। यानी अगर संजू सीएसके जाते हैं तो उन्हें वहां भी 18 करोड़ रुपये ही दिए जाएंगे। यानी उनकी सैलरी कम नहीं होगी। हालांकि ये देखना दिलचस्प होगा कि रवींद्र जडेजा और सैम करन जो राजस्थान आएंगे, उन्हें वहां आने पर कितनी रकम दी जाती है।
15 नवंबर है रिटेंशन की तारीख
आईपीएल खेल रही सभी 10 टीमों को 15 नवंबर की शाम तक बीसीसीआई को बताना होगा कि वे कौन कौन से खिलाड़ी रिटेन कर रही हैं और किसे जाने दे रही हैं। इसमें अब ज्यादा वक्त नहीं है, इसलिए सभी आईपीएल टीमें इस वक्त काफी व्यस्त हैं और अपने अपने खिलाड़ियों की लिस्ट बनाने में लगी हैं।
यह भी पढ़ें
साउथ अफ्रीका सीरीज नहीं खेल पाएगा ये धाकड़ खिलाड़ी, टीम इंडिया को पहले ही लगा झटका
IND vs SA: भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहला टेस्ट कितने बजे से होगा, नोट कर लीजिए टाइम नहीं तो छूट जाएगा मुकाबला
Latest Cricket News