1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: संजू सैमसन ने रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को कर दिया चकनाचूर, विराट कोहली की कर ली बराबरी

IND vs ENG: संजू सैमसन ने रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को कर दिया चकनाचूर, विराट कोहली की कर ली बराबरी

IND vs ENG: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी कर रही है, जिसमें संजू सैमसन के बल्ले से शानदार 89 रनों की पारी देखने को मिली है, जिसके दम पर वह टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने में भी कामयाब रहे।

Sanju Samson- India TV Hindi
Image Source : AP संजू सैमसन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और इंग्लैंड के बीच में टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारने के बाद टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिसमें एकबार फिर से संजू सैमसन का बल्ले से कमाल देखने को मिला। सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ इस सेमीफाइनल मुकाबले में 42 गेंदों में 89 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे जिसमें उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के भी लगाए। संजू अपनी इस पारी के दम पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड भी चकनाचूर करने में कामयाब हो गए, वहीं विराट कोहली भी संजू ने एक खास मामले में बराबरी कर ली।

एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बने संजू सैमसन

संजू सैमसन को इस टी20 वर्ल्ड का आगाज होने पर टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में उनकी जगह बिल्कुल भी नहीं बन रही थी, जिसके पीछे सबसे बड़ा कारण इस टूर्नामेंट से पहले हुई न्यूजीलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज थी जहां पर संजू का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा। संजू सैमसन को सुपर-8 से पहले सिर्फ एक ही मैच में खेलने का मौका मिला था, जिसमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए मुकाबले में टीम इंडिया की हार के बाद संजू सैमसन की प्लेइंग 11 में वापसी हुई और उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मुकाबले में अपने बल्ले का कमाल दिखाने के साथ सभी को जवाब दिया। वहीं अब इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में संजू सैमसन ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो इससे पहले रोहित शर्मा के नाम पर था। संजू सैमसन अब भारत की तरफ से एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। सैमसन के बल्ले से इस टूर्नामेंट में सिर्फ 4 मैचों में 16 छक्के देखने को मिले हैं। रोहित शर्मा ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में कुल 15 छक्के लगाए थे।

टी20 वर्ल्ड कप के एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी

  • संजू सैमसन - 16 छक्के (साल 2026)
  • रोहित शर्मा - 15 छक्के (साल 2024)
  • शिवम दुबे - 15 छक्के (साल 2026)
  • ईशान किशन - 14 छक्के (साल 2026)
  • हार्दिक पांड्या - 14 छक्के (साल 2026)

कोहली के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने संजू सैमसन

विराट कोहली का टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 89 रनों की पारी खेलने के साथ उनके एक बड़े रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। संजू सैमसन अब विराट कोहली के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जो एक टी20 वर्ल्ड कप में दो बार 75 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने में कामयाब हुए हैं, कोहली ने ये कारनामा साल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में किया था। वहीं भारतीय टीम की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में सर्वाधिक निजी रनों की पारी खेलने के मामले में भी संजू सैमसन ने कोहली की बराबरी की है, जिसमें दोनों के नाम पर 89-89 रनों की पारी दर्ज है।

ये भी पढ़ें

IND vs ENG: टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका, श्रीलंका के बाद बन सकती है दूसरी टीम

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद अब राशिद खान को कप्तानी से हटाया गया, अफगानिस्तान ने नए टी20 कप्तान का किया ऐलान

Latest Cricket News