IND vs NAM: संजू सैमसन का वर्ल्ड कप में हुआ डेब्यू, अभिषेक शर्मा क्यों हुए बाहर?
IND vs NAM: भारतीय टीम ने नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में अपनी प्लेइंग 11 में दो बड़े बदलाव किए हैं, जिसमें ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की जगह पर संजू सैमसन को शामिल किया गया है।
भारत और नामीबिया की टीम के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए का मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में नामीबिया टीम के कप्तान गेरार्ड इरास्मस ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं टीम इंडिया ने नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग 11 में दो बड़े बदलाव किए हैं, जिसमें ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा जो पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे उनकी जगह पर संजू सैमसन को शामिल किया गया है। इसके अलावा पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद सिराज को जसप्रीत बुमराह की वापसी के साथ बाहर होना पड़ा है।
भारत बनाम नामीबिया मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत - संजू सैमसन, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
नामीबिया - लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्रिलिंक, जान निकोल लोफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मालन क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, बेन शिकोंगो, मैक्स हेइंगो।
संजू सैमसन को पहली बार वर्ल्ड कप में मिला खेलने का मौका
टी20 वर्ल्ड कप का आगाज होने से पहले भारतीय टीम ने घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली थी, जिसमें सभी मुकाबलों में संजू सैमसन को अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने का मौका मिला था। हालांकि संजू किसी एक भी मैच में अपने बल्ले का कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके थे, जिसके चलते उनकी जगह पर ईशान किशन को वर्ल्ड कप में पारी का आगाज करने का मौका मिला। वहीं नामीबिया के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा के पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से संजू सैमसन को वापसी का मौका मिला जिसमें वह अपने करियर में पहली बार वर्ल्ड कप में कोई मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे, ऐसे में संजू सैमसन के पास खुद को साबित करने का ये बड़ा मौका रहने वाला है, जिसमें उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।
अभिषेक की फिटनेस पर बीसीसीआई ने दिया अपडेट
टीम इंडिया के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से बाहर होने के बाद बीसीसीआई की तरफ से उनकी फिटनेस को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट करते हुए अपडेट भी दिया गया। बीसीसीआई की तरफ से अभिषेक शर्मा को लेकर दी गई जानकारी में बताया गया कि वह अभी भी अपनी बीमारी से उबर रहे हैं और चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। BCCI की मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर लगातार अपनी नजरें बनाए हुए है।
ये भी पढ़ें
