A
Hindi News खेल क्रिकेट संजू सैमसन के फॉर्म ने बढ़ाई कप्तान सूर्यकुमार की टेंशन, लगातार 4 मैचों में बना चुके हैं 50+ स्कोर

संजू सैमसन के फॉर्म ने बढ़ाई कप्तान सूर्यकुमार की टेंशन, लगातार 4 मैचों में बना चुके हैं 50+ स्कोर

संजू सैमसन इन दिनों केरला क्रिकेट लीग में कोच्चि ब्लू टाइगर्स के लिए खेल रहे हैं। इस लीग में उन्होंने अब तक 6 मैचों में शानदार बल्लेबाजी की है।

Sanju Samson- India TV Hindi Image Source : PTI संजू सैमसन

एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड में संजू सैमसन और शुभमन गिल दोनों को जगह दी गई है। इस बार यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और लंबे समय के बाद भारत की टी-20 टीम में शुभमन गिल की वापसी हुई है। गिल की वापसी के बाद अब कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए सबसे बड़ी टेंशन ये है कि एशिया कप में भारत के लिए ओपनिंग कौन करेगा। ऐसा माना जा रहा है कि एशिया कप में गिल-अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। वहीं सैमसन केरला क्रिकेट लीग में जिस फॉर्म में नजर आ रहे हैं, उसे देखते हुए उन्हें भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

अलेप्पी रिपल्स के खिलाफ मैच में संजू सैमसन ने बनाए 83 रन

संजू सैमसन इस वक्त केरला क्रिकेट लीग में खेल रहे हैं। इस लीग में सैमसन जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने पिछले 4 मैचों में लगातार 50+ स्कोर बनाए हैं। कोच्चि ब्लू टाइगर्स की टीम ने अपना पिछला मुकाबला अलेप्पी रिपल्स के खिलाफ खेला था, इस मैच में भी संजू सैमसन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया था। इस मैच में सैमसन ने 41 गेंदों में 83 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 9 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 202.44 का रहा। उनकी इसी पारी के बदौलत कोच्चि की टीम ने 177 रन के टारगेट को 18.2 ओवर में हासिल कर लिया।

अलेप्पी रिपल्स के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज नहीं कर पाए कुछ खास कमाल

इस मुकाबले में अलेप्पी रिपल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद  6 विकेट के नुकसान पर 176 रन का स्कोर खड़ा किया। अजहरुद्दीन और जलज सक्सेना ने टीम के लिए 64 और 71 रन की पारी खेली। इनके अलावा अभिषेक नायर ने 24 रन का योगदान दिया। इन तीनों के अलावा रिपल्स का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। कोच्चि की तरफ से केएम आसिफ ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

संजू सैमसन केरल क्रिकेट लीग में कर रहे हैं शानदार बल्लेबाजी

सैमसन केरल क्रिकेट लीग के इस सीजन में अब तक 5 पारियों में 186.80 के स्ट्राइक रेट से 368 रन बना चुके हैं। उन्होंने लगातार 4 फिफ्टी प्लस स्कोर बनाए हैं। अलेप्पी के खिलाफ 83 रन की पारी से पहले वह 121, 89 और 62 रन की पारी खेल चुके हैं। वह अब एशिया कप में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे। अब देखना ये होगा कि सैमसन को एशिया कप में किस नंबर पर बैटिंग करने का मौका मिलता है।

यह भी पढ़ें

जोस बटलर के पास इस खिलाड़ी को पीछे छोड़ने का मौका, साउथ अफ्रीका सीरीज में कर सकते हैं कमाल

ENG vs SA: पहला वनडे मैच कब और कितने बजे से शुरू होगा, भारत में कैसे देखें लाइव स्ट्रीमिंग

Latest Cricket News