IPL 2026 Retention: आईपीएल 2026 का सीजन तो अभी दूर है, लेकिन इसके रिटेंशन की तारीख करीब आ रही है। 15 नवंबर तक सभी दस टीमों को बताना होगा कि उन्होंने कौन से प्लेयर्स को रिटेन किया है और किसे जाने दिया है। हालांकि इस बार टीमें जितने भी चाहे खिलाड़ी रिटेन कर सकती हैं, इसकी कोई संख्या तय नहीं है। इस बीच कुछ टीमें आपस में खिलाड़ी ट्रेड करते हुए भी नजर आएंगी। उसमें अभी जो सबसे बड़ा नाम आ रहा है, वो संजू सैमसन का है। खबर है कि संजू सैमसन अब राजस्थान रॉयल्स को छोड़कर सीएसके जा रहे हैं और उनकी जगह रवींद्र जडेजा और सैम करन सीएसके से राजस्थान रॉयल्स चले जाएंगे। अब सवाल है कि राजस्थान रॉयल्स का नया कप्तान कौन होगा। टीम के पास इसके लिए कई सारे दावेदार हैं।
संजू सैमसन के सीएसके जाने की है चर्चा
संजू सैमसन पिछले कई साल से आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर रहे हैं। बीच में जब वे चोट के कारण बाहर हो गए थे, तब रियान पराग ने ये जिम्मेदारी निभाई थी। अब खबर है कि संजू राजस्थान को छोड़कर सीएसके जा रहे हैं। संजू वहां कप्तान होंगे कि नहीं, ये तो बाद की बात है, लेकिन सवाल ये है कि राजस्थान का नया कप्तान कौन होगा। इसके लिए सबसे बड़े दावेदार के तौर पर कुछ खिलाड़ियों के नाम सामने आ रहे हैं। इसमें पहले तो रियान पराग ही हैं, जो पिछले सीजन कुछ मैचों में टीम की कमान संभाल रहे थे। रियान पराग शुरू से ही टीम के साथ जुड़े रहे हैं और सबसे भरोसेमंद प्लेयर्स से एक हैं। खास बात ये है कि भले ही रियान के कुछ सीजन काफी खराब गए हों, लेकिन पिछले सीजन उन्होंने अपने खेल में कमाल का सुधार किया और बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि कप्तानी उन्हें दे दी जाएगी, इसको लेकर जरूर संशय है।
यशस्वी जायसवाल कप्तान के लिए सबसे मजबूत दावेदार
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान के लिए और बड़े दावेदार यशस्वी जायसवाल हैं। जो शुरुआत से ही इस टीम के साथ रहे हैं। आईपीएल में राजस्थान के लिए खेलकर ही जायसवाल ने टीम इंडिया तक का सफर तय किया है। उन पर राजस्थान की टीम ने काफी मोटी रकम खर्च की है। टीम के पुराने खिलाड़ी के हिसाब से देखें तो उन्हें भी टीम की कमान दी जा सकती है। अगर वे कप्तान बने तो समझ लेना चाहिए कि टीम दीर्घकालिक योजना पर काम कर रही है। वैसे अभी तक की स्थिति को देखें तो जायसवाल सबसे प्रमुख दावेदार के तौर पर उभरकर सामने आए हैं।
रवींद्र जडेजा या फिर सैम करन को भी मिल सकती है कमान
इसके अलावा जो दो खिलाड़ी सीएसके से ट्रेड होकर राजस्थान आ रहे हैं, उसमें एक तो रवींद्र जडेजा हैं और दूसरे सैम करन। आपको बता दें कि अभी तक सीएसके, राजस्थान और किसी भी खिलाड़ी ने इसको लेकर पुष्टि नहीं की है। यानी आधिकारिक ऐलान बाकी है। रवींद्र जडेजा के पास काफी अनुभव है और वे सीएसके की कप्तानी भी कर चुके हैं। वे भी एक मजूबत दावेदार माने जा सकते हैं। सैम करन भी आईपीएल में कुछ टीमों की कमान संभाल चुके हैं। यानी टीम के पास एक दो नहीं, बल्कि तीन से चार दावेदार हैं। देखना होगा कि कप्तान को लेकर राजस्थान की टीम क्या कुछ फैसला करती है।
यह भी पढ़ें
PAK vs SL: रावलपिंडी के मैदान पर खेला जाएगा पहला वनडे मैच, जानें कब-कहां और कैसे देखें Live Streaming
T20I में न्यूजीलैंड के प्लेयर ने किया कमाल, इस मामले में बांग्लादेश के दिग्गज गेंदबाज को छोड़ा पीछे
Latest Cricket News