29 जून से विंबलडन 2026 की शुरुआत होने वाली है। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने खास बातचीत की। इस दौरान संजू सैमसन ने टेनिस और क्रिकेट के दिग्गजों की तुलना करते हुए एमएस धोनी और विराट कोहली पर बड़ा बयान दिया, वहीं बोपन्ना ने बताया कि इस साल विंबलडन का चैंपियन कौन होगा। बोपन्ना ने कहा कि मेंस टूर्नामेंट के लिए मैं डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर के साथ जाऊंगा। वहीं महिलाओं में मेरी पसंद एलेना रिबाकिना होंगी।
संजू सैमसन ने धोनी की फेडरर से की तुलना
संजू सैमसन ने टेनिस और भारतीय क्रिकेट के बड़े खिलाड़ियों की तुलना करते हुए कुछ दिलचस्प बातें कही। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के रोजर फेडरर यकीनन एमएस धोनी हैं। धोनी मैदान पर हमेशा बहुत शांत और ठंडे दिमाग से काम लेते हैं। जब वह खेलते हैं, तो उनका खेल बहुत आसान लगता है, लेकिन उनके शॉट्स में गजब की ताकत होती है। दूसरी तरफ, कार्लोस अल्कारेज बहुत आक्रामक (एग्रेसिव) और ताबड़तोड़ खेलते हैं, ठीक वैसे ही जैसे विराट भाई ने अपने करियर की शुरुआत में खेला था। इसलिए विराट कोहली की तुलना अल्कारेज से की जा सकती है, क्योंकि दोनों के खेल में वही जोश, ताकत और आक्रामकता दिखती है।
वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच को लेकर सैमसन ने क्या कहा?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जब 2025 का वनडे वर्ल्ड कप जीता, तो संजू सैमसन का पूरा परिवार टीवी पर मैच देख रहा था। सैमसन का मानना है कि इस ऐतिहासिक जीत ने भारत में क्रिकेट का रुतबा और बढ़ा दिया है। 2026 के महिला टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मैच पर उन्होंने कहा कि बचपन में ऑस्ट्रेलिया सबसे खतरनाक टीम हुआ करती थी और हर वर्ल्ड कप वही जीतती थी, इसलिए हम उनका बहुत सम्मान करते हैं। लेकिन अब वक्त बदल चुका है। अब भारतीय टीम भी वर्ल्ड चैंपियन है और हमारी महिला खिलाड़ी बिना किसी डर के मैदान पर उतरती हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन का प्रदर्शन रहा था शानदार
संजू सैमसन की बात करें तो वह इससे पहले आईपीएल 2026 में खेलते हुए नजर आए थे। इस आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। इस साल टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष टीम के खिताबी सफर में संजू सैमसन ने लगातार तीन अर्धशतक लगाया था। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला था। उस वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
यह भी पढ़ें:
साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भी टीम इंडिया हासिल कर सकती है सेमीफाइनल का टिकट? जानिए पूरा समीकरण
साउथ अफ्रीका से पहली हार, फिर वर्ल्ड कप पर कब्जा, क्या अब हरमनप्रीत दोहराएंगी इतिहास?
Latest Cricket News