1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भी टीम इंडिया हासिल कर सकती है सेमीफाइनल का टिकट? जानिए पूरा समीकरण

साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भी टीम इंडिया हासिल कर सकती है सेमीफाइनल का टिकट? जानिए पूरा समीकरण

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 22, 2026 06:49 am IST,  Updated : Jun 22, 2026 06:49 am IST

साउथ अफ्रीका से हार के बावजूद भारत की T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बरकरार है। ग्रुप-ए में भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश तीनों के 4-4 पॉइंट हैं, इसलिए नेट रन रेट अहम भूमिका निभाएगा।

IND vs SA- India TV Hindi
साउथ अफ्रीका बनाम भारत Image Source : @PROTEASWOMENCSA

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार ने भारतीय टीम की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी हैं, लेकिन सेमीफाइनल की उम्मीदें अभी भी पूरी तरह बरकरार हैं। ग्रुप-ए में अब मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है, जहां भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश तीनों के 4-4 पॉइंट हैं। ऐसे में अब केवल जीत ही नहीं, बल्कि नेट रन रेट भी सेमीफाइनल की दौड़ में अहम भूमिका निभाने वाला है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट की हार के बावजूद भारतीय टीम की उम्मीदें बरकरार हैं। टीम इंडिया ने अपने शुरुआती मैचों में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की, जिससे टीम का नेट रन रेट +2.511 बना हैं। भारतीय टीम के अब दो मुकाबले बचे हैं और सेमीफाइनल की राह काफी हद तक इन्हीं पर निर्भर करेगी। अगर भारतीय टीम बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया दोनों को हरा देती है, तो उसके अंतिम चार में पहुंचने की संभावना बेहद मजबूत हो जाएगी। मजबूत नेट रन रेट भी उसके पक्ष में काम करेगा। हालांकि, अगर टीम को इन दो मैचों में से किसी एक में भी हार का सामना करना पड़ा, तो फिर उसे अन्य टीमों के रिजल्ट और नेट रन रेट के समीकरणों पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

साउथ अफ्रीका के पास बेहतरीन मौका

साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट का आगाज ऑस्ट्रेलिया से हार के साथ किया था, जिससे उसका नेट रन रेट काफी प्रभावित हुआ। इसके बाद उसने पाकिस्तान को हराया और फिर भारत के खिलाफ शानदार जीत दर्ज कर खुद को सेमीफाइनल की दौड़ में बनाए रखा। फिर भी उसका -0.641 नेट रन रेट चिंता का विषय है। ऐसे में उसे सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत की भी जरूरत पड़ सकती है। साउथ अफ्रीका के लिए राहत की बात ये है कि उसे अपने बाकी के दोनों मैचों में कमजोर नीदरलैंड्स और बांग्लादेश का सामना करना है। ऐसे में अफ्रीकी टीम बड़ी जीत दर्ज करते हुए अपने नेट रन रेट से भारत को टेंशन दे सकती है।

बांग्लादेश के सामने कठिन चुनौती

बांग्लादेश ने नीदरलैंड्स को हराकर अभियान की शुरुआत की थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 विकेट की करारी हार से उसका नेट रन रेट काफी नीचे चला गया। पाकिस्तान पर जीत ने उसकी उम्मीदें जिंदा रखी हैं, मगर उसकी स्थिति तीनों दावेदारों में सबसे नाजुक मानी जा रही है। भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में बांग्लादेश के लिए जीत के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। साथ ही उसे नेट रन रेट में भी बड़ा सुधार करना होगा।

ऑस्ट्रेलिया सबसे मजबूत दावेदार

ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया सबसे सुरक्षित स्थिति में नजर आ रहा है। टीम ने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीते हैं और उसका नेट रन रेट +4.391 है। इसी वजह से वह सेमीफाइनल की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार बनी हुई है। वहीं, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की टीमें सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी हैं।

यह भी पढ़ें

T20 वर्ल्ड कप में जीत से साउथ अफ्रीका महिला टीम को हुआ फायदा, पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया किस नंबर पर

वैभव सूर्यवंशी का ट्राई सीरीज में कैसा रहा प्रदर्शन, 5 मैचों में लगाए इतने चौके-छक्के

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल