1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. न्यूजीलैंड सीरीज के बाद टूटकर बिखर गए थे संजू सैमसन, सचिन तेंदुलकर से की लंबी बातचीत, फिर बन गए वर्ल्ड कप चैंपियन

न्यूजीलैंड सीरीज के बाद टूटकर बिखर गए थे संजू सैमसन, सचिन तेंदुलकर से की लंबी बातचीत, फिर बन गए वर्ल्ड कप चैंपियन

Sanju Samson on Sachin Tendulkar: संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में 89 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। इस वर्ल्ड कप में संजू को सिर्फ पांच मैच खेलने का मौका मिला और इस दौरान उन्होंने 321 रन बना दिए।

Sanju Samson- India TV Hindi
Image Source : AP संजू सैमसन

Sanju Samson on Sachin Tendulkar: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया। इस वर्ल्ड कप जीत में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़े हीरो संजू सैमसन रहे। संजू इस वर्ल्ड कप से पहले तक खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। लेकिन सुपर-8 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से लेकर फाइनल तक संजू ने लगातार तीन मैचों में फिफ्टी प्लस रन की पारी खेलकर नया इतिहास रच दिया और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। इस फाइनल के बाद संजू सैमसन ने कुछ बड़े खुलासे किए। उन्होंने बताया कि जब वह खराब फॉर्म से गुजर रहे थे तब कैसे सचिन तेंदुलकर ने उनकी मदद की।

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद संजू सैमसन ने क्या कहा?

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतने के बाद संजू सैमसन ने कहा कि यह वर्ल्ड कप जीतना एक सपने जैसा लग रहा है। मैं बहुत खुश और शुक्रगुजार हूं। इस जीत को बयां करने के लिए मेरे पास कोई शब्द या इमोशन नहीं है। आखिरी के तीन मैचों में लगातार तीन अर्धशतक बनाने को लेकर कहा कि सच कहूं तो, यह एक-दो साल पहले शुरू हुआ था। जब मैं 2024 वर्ल्ड कप टीम में था, जहाँ मैं नहीं खेला था, मैं सोचता रहा, काम करता रहा और यही मैं करना चाहता था। 

न्यूजीलैंड सीरीज के बाद टूट गए थे संजू

इस टी20 वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड की टीम पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारत दौरे पर आई थी। उस सीरीज में सैमसन के बल्ले से रन नहीं आए थे। उसको लेकर सैमसन ने कहा कि NZ सीरीज के बाद मैं टूट गया था, मेरे सपने पूरी तरह से टूटकर बिखर गए थे। और मैं सोच रहा था कि मैं क्या कर सकता हूं। लेकिन भगवान की कुछ और ही योजना थी। और मुझे सपने देखने की हिम्मत दिखाने का इनाम मिला। बहुत से पुराने खिलाड़ियों ने मुझसे संपर्क किया और मेरी मदद करने की कोशिश की।

संजू सैमसन ने सचिन तेंदुलकर को लेकर कही बड़ी बात

अंत में संजू ने सचिन तेंदुलकर का जिक्र किया और बताया कि कैसे उन्होंने सैमसन की मदद की। संजू ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि पिछले कुछ महीनों से, मैं सचिन सर के लगातार संपर्क में हूं। मैंने उनसे संपर्क किया और उनसे काफी बातें कीं। उनके जैसे किसी से गाइडेंस मिलना, इससे ज्यादा आप और क्या मांग सकते हैं? मैं उन सभी का बहुत शुक्रगुजार हूँ जिन्होंने मेरा साथ दिया। यह अपने आप में मेरे लिए बहुत बड़ी बात है, मैं अभी इसका मजा लेना चाहता हूं और फिर कुछ दिनों सोचूंगा कि आगे क्या करना है।

यह भी पढ़ें

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में बनाया बड़ा रिकॉर्ड, फिफ्टी लगाकर विराट कोहली की कर ली बराबरी

IND vs NZ Final: टीम इंडिया ने T20I में पूरा कर लिया खास अर्धशतक, वर्ल्ड कप में अफ्रीका का रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त

Latest Cricket News