भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का बल्ला इस वक्त ऑन ऑफ मोड में चल रहा है। कभी तो वे धमाकेदार अंदाज में रन बनाते हैं और कभी बहुत सस्ते में आउट होकर वापस पवेलियन लौट जाते हैं। खास बात ये है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी सीरीज के दौरान अभी तक खेले गए चार मैचों में से जब भी संजू ने रन बनाए हैं, तभी भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है, जिसमें उनके रन नहीं बने, उसमें टीम इंडिया जीतने में कामयाब रही। अब आखिरी मैच ही फैसला करेगा कि सीरीज कौन सी टीम जीतेगी।
अब तक खेले गए सीरीज के चार मैचों में दो बार 50 प्लस रनों की पारी संजू ने खेली है
भारत बनाम वेस्टइंडीज पांच मैचों की टी20 सीरीज के चार मैच हो चुके हैं। दोनों टीमों ने दो दो मैच जीते हैं और सीरीज अभी बराबरी पर है। 17 अक्टूबर को आखिरी मैच होगा, इसे जीतने वाली टीम सीरीज भी अपने नाम कर लेगी। सीरीज के पहले मैच में सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन केवल 11 रन बनाकर आउट हो गए। इस मैच को टीम इंडिया ने 8 विकेट से अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की थी। इसके बाद सीरीज के दूसरे मैच में संजू सैमसन ने धमाकेदार अंदाज में 82 रन बनाए। संजू ने केवल 41 बॉल पर 82 रन बनाए, इसमें 9 चौके और चार छक्के शामिल रहे। लेकिन ये मैच वेस्टइंडीज ने 6 विकेट से जीत लिया।
भारत बनाम वेस्टइंडीज सीरीज अभी बराबरी पर चल रही है
इसके बाद सीरीज के तीसरे मैच में फिर से संजू सस्ते में आउट हो गए, वे केवल 3 ही रन बना सके। इस मैच को भारत ने 14 रन से जीतने में कामयाबी हासिल की। सीरीज के चौथे मैच में फिर से संजू का बल्ला चला और उन्होंने महज 23 बॉल पर 56 रन बना दिए। इस बार उनके बल्ले से छह चौके और चार छक्के आए। लेकिन इस मैच में टीम इंडिया 24 रन से हार गई और वेस्टइंडीज ने सीरीज को बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया।
क्या आखिरी मैच में वैभव सूर्यवंशी को दिया जाएगा प्लेइंग इलेवन में मौका
इसे संजू सैमसन का दुर्भाग्य ही कहेंगे कि जब भी उनका बल्ला चला टीम को हार का मुंह देखना पड़ा है। अब आखिरी मैच में क्या संजू ही भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहेंगे या फिर वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जाएगा, ये देखना दिलचस्प होगा। अभी तक इस पूरी सीरीज में वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। लेकिन क्या सीरीज डिसाइडर जैसे अहम मुकाबले में उन्हें खेलाया जाएगा या फिर बाहर ही रखा जाएगा, इसका फैसला कप्तान श्रेयस अय्यर को करना है।
यह भी पढ़ें
कब से शुरू होगी भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज, नोट कर लीजिए पूरा शेड्यूल
स्मृति मंधाना की कप्तानी में उतरेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम, आज कितने बजे शुरू होगा मुकाबला
Latest Cricket News