लगातार खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में कप्तानी बदल गई है। शान मसूद से टेस्ट टीम की कमान लेकर एक बार फिर बाबर आजम को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। हालांकि, टीम के मुख्य कोच सरफराज अहमद का मानना है कि कप्तानी छिनने से मसूद के आत्मविश्वास पर कोई असर नहीं पड़ेगा और वह अब भी टीम के लिए उतने ही अहम खिलाड़ी रहेंगे। वेस्टइंडीज दौरे पर रवाना होने से पहले सरफराज ने मसूद की मानसिक मजबूती और पेशेवर रवैये की जमकर तारीफ की।
शान मसूद समझदार खिलाड़ी
पाकिस्तान टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले एक अभ्यास मैच भी खेलेगी। यह शान मसूद की पहली टेस्ट सीरीज होगी, जिसमें वह कप्तान नहीं बल्कि एक खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगे। ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, सरफराज अहमद ने कहा कि उन्होंने शान मसूद से बात की है। उनका आत्मविश्वास और मनोबल काफी ऊंचा है। उन्होंने अच्छी तैयारी की थी, हालांकि हैमस्ट्रिंग में हल्की परेशानी रही। इसके बावजूद उनका रवैया शानदार रहा। शान सीनियर खिलाड़ी हैं और बेहद समझदार भी। उन्हें अच्छी तरह पता है कि ऐसी परिस्थितियों से कैसे निकलना है। जिस तरह उन्होंने कप्तान के रूप में टीम के लिए योगदान दिया, उसी तरह अब खिलाड़ी के रूप में भी देंगे।
हालांकि, कप्तान के तौर पर शान मसूद का कार्यकाल उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन इस दौरान उनकी व्यक्तिगत बल्लेबाजी में लगातार सुधार देखने को मिला। यही वजह है कि अब टीम में उनकी जगह पहले से कहीं अधिक मजबूत मानी जा रही है। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के कठिन दौरों पर पाकिस्तान की युवा टॉप आर्डर बल्लेबाजी को उनके अनुभव का बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। मसूद के साथ अजान अवैस और अब्दुल्ला फजल जैसे युवा बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अभी तक केवल दो-दो टेस्ट मैच ही खेले हैं।
वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम ने जमकर की मेहनत
सरफराज का कहना है कि टीम ने इस दौरे के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने पहले लाहौर में एक महीने का ट्रेनिंग कैंप किया, फिर चार-पांच दिन का ब्रेक मिला और उसके बाद रावलपिंडी में तीन दिन का एक और कैंप लगाया गया।
उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी शानदार रही है। वेस्टइंडीज जैसा मौसम यहां भी है, इसलिए खिलाड़ियों ने उसी माहौल में अभ्यास किया। वहां गर्मी और नमी होगी और हम उसी हिसाब से तैयार हुए हैं। हमें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज से पहले त्रिनिदाद में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलने का मौका मिलेगा। दोनों टेस्ट मुकाबले भी इसी द्वीप पर खेले जाएंगे। सरफराज ने बताया कि टीम सिलेक्शन से लेकर अभ्यास तक हर चीज वेस्टइंडीज की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर की गई।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तानी टेस्ट टीम से हुई शाहीन अफरीदी की छुट्टी, इंग्लैंड-वेस्टइंडीज सीरीज के लिए घोषित किया स्क्वाड
पाकिस्तान के इंटरनेशनल शेड्यूल को लेकर आई बड़ी खबर, ट्राई सीरीज में आयरलैंड और जिम्बाब्वे से होगी टक्कर
Latest Cricket News