1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs USA: सूर्या ने की सौरभ की ऐसी धुनाई, जयसूर्या का रिकॉर्ड हुआ धराशायी

IND vs USA: सूर्या ने की सौरभ की ऐसी धुनाई, जयसूर्या का रिकॉर्ड हुआ धराशायी

IND vs USA: भारतीय टीम के खिलाफ यूएसए टीम के तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रावलकर का गेंद से काफी खराब प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें उन्होंने कुल 65 रन देने के साथ शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

सूर्यकुमार यादव बनाम...- India TV Hindi
Image Source : PTI/AP सूर्यकुमार यादव बनाम सौरभ नेत्रावलकर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारत अपना पहला मुकाबला ग्रुप-ए में यूएसए की टीम के खिलाफ खेल रही है, जिसमें दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से जहां शानदार नाबाद 84 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली तो वहीं यूएसए टीम के गेंदबाज सौरभ नेत्रावलकर के नाम एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया जिसको लेकर उन्होंने सोचा भी नहीं था। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सौरभ की ऐसी धुनाई की वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक मुकाबले में सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाज अब बन गए हैं।

सूर्या की धुनाई से सौरभ ने तोड़ा 19 साल पुराना रिकॉर्ड

भारतीय टीम के खिलाफ मैच में सौरभ नेत्रावलकर ने गेंद से थोड़ा बेहतर शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने अपने शुरुआती 2 ओवर्स में 23 रन दिए थे। इसके बाद तीसरे ओवर में सौरभ ने कुल 21 रन दे दिए जिसके चलते वह तीन ओवर्स में 44 रन दे चुके थे। सौरभ को पारी का आखिरी ओवर भी फेंकने की जिम्मेदारी दी गई जिसमें उनके सामने टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव थे, जिन्होंने इस ओवर में 2 चौके और दो छक्के लगाने के साथ 21 रन बनाए जिसके चलते सौरभ ने इस मुकाबले में 4 ओवर्स में कुल 65 रन दे दिए। इसी के साथ टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक मैच में सबसे ज्यादा रन देने का रिकॉर्ड अब सौरभ के नाम पर दर्ज हो गया जो पहले श्रीलंकाई टीम के पूर्व खिलाड़ी सनथ जयसूर्या के नाम पर था, जिन्होंने साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 4 ओवर्स में 64 रन दिए थे।

टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा रन देने वाले खिलाड़ी

  • सौरभ नेत्रावलकर (यूएसए) - 65 रन बनाम भारत (साल 2026)
  • सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) - 64 रन बनाम पाकिस्तान (साल 2007)
  • मशरफे मुर्तजा (बांग्लादेश) - 63 रन बनाम पाकिस्तान (साल 2014)
  • लेमेक ओनयांगो (केन्या) - 61 रन बनाम श्रीलंका (साल 2007)
  • स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) - 60 रन बनाम भारत (साल 2007)
  • मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) - 60 रन बनाम न्यूजीलैंड (साल 2014)

सूर्या के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज नहीं दिखा सका कमाल

यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में टीम इंडिया की तरफ से कप्तान सूर्यकुमार यादव के अलावा दूसरा कोई अन्य बल्लेबाज कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सका। सूर्या ने जहां नाबाद 84 रनों की पारी खेली तो वहीं इसके बाद भारतीय टीम की तरफ से दूसरा सर्वाधिक स्कोर 25 रनों का था जो तिलक वर्मा ने खेली थी। ऐसे में आगामी मैचों से पहले टीम इंडिया के लिए एक खतरे की घंटी जरूर है।

ये भी पढ़ें

IND vs USA: टीम इंडिया ने पहली बार लिया ये बड़ा फैसला, टी20 इंटरनेशनल में देखने को मिला ये अद्भुत नजारा

IND vs USA: कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कोहली को छोड़ा पीछे, रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने से गए चूक

Latest Cricket News