T20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड का बड़ा करिश्मा, एसोसिएट टीम के तौर पर पहली बार किया गजब कारनामा
T20 World Cup 2026 में स्कॉटलैंड ने इटली के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाए। बतौर एसोसिएट टीम स्कॉटलैंड टी20 वर्ल्ड कप में 200 रन बनाने वाली पहली टीम बन गई है।
Scotland Scripts History: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सातवां मैच स्कॉटलैंड और इटली के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। इस मैच में स्कॉटलैंड ने 200 रन का आंकड़ा छूते ही इतिहास रच दिया है। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में स्कॉटलैंड बतौर एसोसिएट टीम 200 या उससे अधिक रन बनाने वाली पहली टीम बन गई है।
स्कॉटलैंड ने तोड़ा यूएसए का रिकॉर्ड
इस मैच से पहले एसोसिएट टीम के तौर पर इस टूर्नामेंट में हाईएस्ट स्कोर बनाने का रिकॉर्ड यूएसए के नाम था। पिछले टी20 वर्ल्ड कप में यूएसए ने बतौर एसोसिएट टीम कनाडा का खिलाफ 197 रन बनाए थे। अब स्कॉटलैंड ने 207 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है। इटली के खिलाफ मैच में स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों ने शानदार बैटिंग का प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाजों से लेकर मिडिल ऑर्डर तक के बैट्समैन ने इस मैच में रन बनाए और स्कॉटलैंड के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।
T20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली एसोसिएट टीम
- 207/4 - स्कॉटलैंड बनाम इटली, कोलकाता, 2026 (पहली पारी)
- 197/3 - यूएसए बनाम कनाडा, डलास, 2024 (दूसरी पारी)
- 194/5 - कनाडा बनाम यूएसए , डलास, 2024 (पहली पारी)
- 193/4 - नीदरलैंड्स बनाम आयरलैंड, सिलहट, 2014 (दूसरी पारी)
- 189/4 - आयरलैंड बनाम नीदरलैंड्स, सिलहट, 2014 (पहली पारी)
स्कॉटलैंड ने एसोसिएट टीम के तौर पर दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत
आपको बता दें कि स्कॉटलैंड की ये जीत टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एसोसिएट टीमों के लिए दूसरी सबसे बड़ी जीत है। टी20 वर्ल्ड कप 2014 में नेपाल ने हांगकांग को 80 रनों से हराया था, यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एसोसिएट टीम के लिए रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है। साल 2016 में अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 59 रन से हराया था। यह एसोसिएट टीम द्वारा टी20 वर्ल्ड कप में तीसरी सबसे बड़ी जीत है। वहीं नामीबिया ने श्रीलंका को टी20 वर्ल्ड कप 2022 में 55 रनों से हराया था। यह चौथी सबसे बड़ी जीत है।
इटली के भी एक बल्लेबाज ने लगाया अर्धशतक
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम को उनके ओपनर, जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 13.5 ओवर में 126 रनों की साझेदारी हुई। स्कॉटलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। जवाब में इटली की टीम 16.4 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इटली के लिए बेन मैनेंटी ने अर्धशतक लगाया। वह 31 बॉल पर 52 रन बनाकर आउट हुए।
यह भी पढ़ें
SCO vs ITA: केवल 5 बॉल खेलकर बन गया प्लेयर ऑफ द मैच, गेंदबाजी में भी बरपाया भयंकर कहर
ब्लैकमेल करने पर उतारू हुआ PCB, IND vs PAK मैच के बदले की मुआवजे की डिमांड, अब ICC ने दिखाया ठेंगा
