अफगानिस्तान बनाम हांगकांग मुकाबले के साथ ही एशिया कप का आगाज हो गया है। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। राशिद का ये फैसला अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज सादिकुल्लाह अटल को खूब रास आया। जो काम अटल टी20 इंटरनेशनल में अब तक नहीं कर पाए थे, वो इस बार उन्होंने कर दिखाया। अटल ने एशिया कप 2025 के पहले ही मुकाबले में अपने तेवर दिखा दिए हैं।
जल्दी जल्दी गिरे अफगानिस्तान के शुरुआती विकेट
अफगानिस्तान का पहला विकेट जल्दी गिर गया, जब रहमानुल्लाह गुरबाज केवल आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए इब्राहिम जादरान भी केवल एक रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इस बीच सादिकुल्लाह अटल ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने बेहतरीन अर्धशतक पूरा किया। ये टी20 इंटरनेशनल में उनका तीसरा ही अर्धशतक है, लेकिन उन्होंने इस फॉर्मेट में अपने अब तक के जीवन की सर्वश्रेष्ठ पारी भी खेल दी है।
सादिकुल्लाह अटल ने टी20 इंटरनेशनल में खेली अपने जीवन की सर्वश्रेष्ठ पारी
सादिकुल्लाह अटल ने इससे पहले टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ 64 रनों की पारी खेली थी, लेकिन अब हांगकांग के खिलाफ पहले ही मैच में अटल ने इससे ज्यादा रन बना दिए हैं। अटल अभी केवल 24 साल के हैं और 13 ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेल पाए हैं। इस दौरान उनके नाम 250 से ज्यादा रन हैं।
चार मैचों में लगा दिया तीसरा अर्धशतक
हाल ही में जब अफगानिस्तान, पाकिस्तान और यूएई के बीच त्रिकोणीय सीरीज खेली गई थी, तब भी सादिकुल्लाह अटल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। उन्होंने उसमें भी पाकिस्तान और यूएई के खिलाफ अर्धशतक लगाए थे। इस तरह से देखें तो चार मैचों में ही अटल ने तीन अर्धशतक लगा दिए हैं। यानी वे इस वक्त गजब के फार्म हैं। देखना होगा कि बाकी बचे हुए मैचों में वे अपनी टीम के लिए कैसा प्रदर्शन करते हैं।
अफगानिस्तान ने बनाया एक बढ़िया स्कोर
मैच की बात की जाए तो अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 188 रन बना दिए। ओपनिंग के लिए आए अटल आखिर तक आउट नहीं हुए। उन्होंने 52 बॉल का सामना कर 73 रन बना दिए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन छक्के और 6 चौके आए। इस बीच एक छोटी लेकिन आक्रामक पारी अजमतुल्ला उमरजई ने भी खेली, उन्होंने केवल 21 बॉल पर 53 रन ठोकने का काम किया, जिससे अफगानिस्तान की टीम एक अच्छा स्कोर बना सकी।
यह भी पढ़ें
हांगकांग के गेंदबाज ने पहले ही मुकाबले में रचा इतिहास, भारत और पाकिस्तान के क्लब में मारी एंट्री
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले आईसीसी का बड़ा प्लान, ये तारीखें आई सामने
अफगानिस्तान बनाम हांगकांग मैच का स्कोर यहां क्लिक कर देखें
Latest Cricket News