भारत और श्रीलंका की महिला टीम के बीच में दुबई के मैदान पर महिला टी20 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट नुकसान पर 183 रनों का स्कोर बनाया है। भारतीय महिला टीम की तरफ से शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी की जिसमें शेफाली वर्मा एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ने में कामयाब रहीं। शेफाली ने इस खिताबी मैच में अपनी फिफ्टी सिर्फ 24 गेंदों में पूरी करने के साथ महिला टी20 एशिया कप टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी लगाने के रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया।
शेफाली वर्मा ने ध्वस्त किया स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड
महिला टी20 एशिया कप 2026 में शेफाली वर्मा का बल्ले से जबरदस्त फॉर्म देखने को मिला है, जिसको वह फाइनल मैच में भी जारी रखने में कामयाब रहीं। शेफाली के बल्ले से श्रीलंका महिला टीम के खिलाफ खिताबी मैच में 68 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली जिसमें उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों का सामना किया। शेफाली ने इस मैच में जब अपनी फिफ्टी सिर्फ 24 गेंदों में पूरी की तो वह स्मृति मंधाना के रिकॉर्ड को ध्वस्त करने में कामयाब हो गईं जिन्होंने इससे पहले महिला टी20 टूर्नामेंट में सबसे तेज फिफ्टी लगाई थी। मंधाना ने साल 2022 में टूर्नामेंट के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ ही 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था जिसको अब शेफाली ने 24 गेंदों में फिफ्टी पूरी करने के साथ तोड़ दिया है।
महिला T20I में शेफाली 400 चौके पूरे करने वाली बनी तीसरी भारतीय
शेफाली वर्मा ने श्रीलंका महिला टीम के खिलाफ अपनी 68 रनों की पारी के दौरान कुल 9 चौके और 2 छक्के भी लगाए, जिसके दम पर वह महिला टी20 इंटरनेशनल में अपने 400 चौके भी पूरे करने में कामयाब हो गईं। इसी के साथ शेफाली वर्मा अब तीसरी ऐसी भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं जो टी20 इंटरनेशनल में 400 या उससे अधिक चौके लगाने में कामयाब हो सकी हैं। शेफाली से पहले स्मृति मंधाना और भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर यह कारनामा करने में कामयाब रही हैं।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाली भारतीय खिलाड़ी
- स्मृति मंधाना - 639 चौके
- हरमनप्रीत कौर - 408 प्लस चौके
- शेफाली वर्मा - 404 चौके
- जेमिमा रोड्रिग्ज - 319 चौके
ये भी पढ़ें
जसप्रीत बुमराह ने वापसी करने के साथ हासिल की बड़ी उपलब्धि, टी20 क्रिकेट में इस मामले में बने सिर्फ तीसरे भारतीय
हरमनप्रीत से नो-हैंडशेक विवाद के बाद निगार सुल्ताना की बढ़ीं मुश्किलें, बोर्ड ने भी झाड़ा पल्ला
Latest Cricket News