1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Shafali Verma Record: शैफाली वर्मा के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका, आखिरी टी20 में इतने रन की जरूरत

Shafali Verma Record: शैफाली वर्मा के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका, आखिरी टी20 में इतने रन की जरूरत

शैफाली वर्मा अगर पांचवें टी20 मैच में 75 रन बना लेती हैं तो वह किसी एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी। इस सीरीज में उन्होंने अभी तक शानदार बल्लेबाजी की है।

Shafali Verma- India TV Hindi
Image Source : PTI शैफाली वर्मा

Shafali Verma World Record: भारतीय महिला टीम इन दिनों श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज में टीम इंडिया इस वक्त 4-0 से आगे है। अब पांचवें मैच में भारतीय टीम क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आखिरी मैच में भारत की अनुभवी सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा के पास एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। इस मैच में वह वेस्टइंडीज की दिग्गज खिलाड़ी हैली मैथ्यूज का रिकॉर्ड तोड़ सकती हैं।

शैफाली वर्मा ने श्रीलंका सीरीज में बल्ले से किया है शानदार प्रदर्शन

शेफाली वर्मा ने अब तक मौजूदा सीरीज के 4 मैचों की 4 पारियों में 3 अर्धशतक की मदद से 236 रन बनाए हैं। वह अब एक टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज बन गई हैं। सीरीज के पहले मैच में वह बड़ी पारी नहीं खेल पाई थी। उस मैच में वह सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुई थीं। उसके बाद उन्होंने दूसरे मैच में नाबाद 69 रन, तीसरे में नाबाद 79 रन और चौथे में 79 रन बनाए। अब उनसे आखिरी मैच में भी एक बड़ी पारी की उम्मीद है।

शैफाली वर्मा के पास हैली मैथ्यूज का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का मौका

आखिरी मैच में अगर शैफाली वर्मा 75 रन और बना लेती हैं तो वह महिला क्रिकेट में किसी एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी। इस मामले में वह वेस्टइंडीज की दिग्गज ऑलराउंडर हैली मैथ्यूज का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ देंगी। महिला T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड हैली मैथ्यू के नाम है। उन्होंने अक्टूबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टी20 मैच की सीरीज में 310 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 2 अर्धशतक लगाया था। शैफाली के पास अब इस रिकॉर्ड को तोड़ने का शानदार मौका है।

तीन बल्लेबाजों ने बनाए हैं 300 से ज्यादा रन

महिला क्रिकेट में किसी एक टी20 सीरीज में तीन खिलाड़ियों ने 300 या उससे ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर हेली मैथ्यूज का नाम है। उनके बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंका की चमारी अटापट्टू का नाम है, उन्होंने 2024 में 5 मैच की सीरीज में 304 रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर अर्जेंटिना की मारिया केस्टीनेइरस हैं। 2023 में उन्होंने 3 मैच की सीरीज में 300 रन बनाए थे। अब इस लिस्ट में शैफाली वर्मा का नाम भी शामिल हो सकता है। अब आखिरी टी20 मैच में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखना दिलचस्प होगा।

यह भी पढ़ें

शाहीन अफरीदी इस टूर्नामेंट से बाहर! एक ओवर में 22 रन देने के बाद हुई ये हालत

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने किया टेस्ट टीम ऑफ द ईयर का ऐलान, इस खिलाड़ी को बनाया कप्तान, 3 भारतीय को मिली जगह

Latest Cricket News