A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शाकिब अल हसन का बड़ा करिश्मा, टी-20 में ऐसा कारनामा करने वाले बने दुनिया के पहले खिलाड़ी

शाकिब अल हसन का बड़ा करिश्मा, टी-20 में ऐसा कारनामा करने वाले बने दुनिया के पहले खिलाड़ी

शाकिब अल हसन ने टी-20 क्रिकेट में एक बड़ा करिश्मा किया है। उन्होंने ये उपलब्धि सेंट किंट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ मैच में हासिल की।

Shakib Al Hasan- India TV Hindi
Image Source : GETTY शाकिब अल हसन

Shakib Al Hasan Record: बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने टी-20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह इस फॉर्मेट में 7000 से अधिक रन और 500+ विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले दुनिया का कोई भी खिलाड़ी ऐसा कारनामा नहीं कर पाया है। उन्होंने ये उपलब्धि CPL 2025 के 11वें मुकाबले में सेंट किंट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ मैच में हासिल की। इस मैच में गेंदबाजी करते हुए शाकिब ने 3 विकेट अपने नाम किए।

CPL 2025 में शाकिब अल हसन ने गेंदबाजी में किया है अच्छा प्रदर्शन

एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स के लिए खेलते हुए शाकिब ने इस सीजन ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है। वह CPL 2025 में अब तक तीन मैचों में 4 विकेट ले चुके हैं। सेंट किंट्स के खिलाफ मैच में उन्होंने 3 विकेट लेने के साथ-साथ बल्ले से भी अहम योगदान दिया। बैटिंग के दौरान उन्होंने 18 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के की मदद से 25 रन बनाए। एंटीगुआ की टीम इस मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज करने में कामयाब रही। वहीं शाकिब अल हसन को उनके ऑलराउंड खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

इंटरनेशनल क्रिकेट में भी शाकिब के नाम दर्ज है बड़ा रिकॉर्ड

इंटरनेशनल क्रिकेट में शाकिब अल हसन एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनके नाम 2500 से ज्यादा रन और 100 से ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है। टी-20 इंटरनेशनल में वह बांग्लादेश के लिए अब तक 129 टी-20 मुकाबले खेल चुके हैं, जहां उन्होंने बल्ले से 2551 रन और गेंद के साथ 149 विकेट लिए हैं। उनके अलावा इंटरनेशनल क्रिकेट में कोई भी गेंदबाज ऐसा कारनामा नहीं कर पाया है।

CPL 2025 में पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है एंटीगुआ की टीम

वहीं इस मुकाबले की बात करें तो एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स को 134 रन का टारगेट मिला था, जिसे उनकी टीम ने 19.4 ओवर में 7 विकेट रहते हासिल कर लिया। टीम के लिए करीमा गोरे ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। इससे पहले सेंट किट्स की टीम 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 9 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाने में कामयाब रही थी। इस जीत के साथ ही एंटीगुआ की टीम 7 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं सेंट किट्स की टीम 4 अंकों के साथ चौथे पायदान पर है।

यह भी पढ़ें

एक रन से रोमांचक मुकाबला जीतकर WDPL 2025 की विजेता बनी ये टीम, सांसें रोक देने वाला हुआ फाइनल

मोहम्मद रिजवान बने अपनी टीम के सबसे बड़े विलेन, CPL में भी नहीं चल रहा है बल्ला

 

Latest Cricket News