1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड दौरे के बीच टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, नितीश कुमार रेड्डी सीरीज से बाहर, शिवम दुबे को मिला मौका

इंग्लैंड दौरे के बीच टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, नितीश कुमार रेड्डी सीरीज से बाहर, शिवम दुबे को मिला मौका

इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। चोटिल ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।

IND vs ENG- India TV Hindi
Image Source : AFP नितीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे

इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज शुरू होने से ठीक पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। चोट के कारण लंबे समय से मैदान से बाहर चल रहे ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी अब पूरी ODI सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने ऑलराउंडर शिवम दुबे को टीम में शामिल किया है।

नितीश कुमार रेड्डी पूरी सीरीज से बाहर

BCCI ने 6 जुलाई को इसकी आधिकारिक घोषणा की। नितीश कुमार रेड्डी अभी तक अपनी क्वाड्रिसेप्स यानी जांघ की मांसपेशी की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। उन्हें यह चोट अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे ODI के दौरान लगी थी। इसी वजह से वह अभी तक मैदान पर वापसी नहीं कर सके हैं और फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि वह कब तक फिट होकर क्रिकेट में लौटेंगे। रेड्डी इससे पहले आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज के मुकाबले भी नहीं खेल पाए थे। अब वह इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज से भी बाहर रहेंगे। यह सीरीज 19 जुलाई तक खेली जाएगी।

दरअसल, हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के बाद नितीश कुमार रेड्डी के पास ODI टीम में अपनी जगह पक्की करने का सुनहरा मौका था। हार्दिक इस समय बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी COE में रिहैब कर रहे हैं। लेकिन रेड्डी की चोट ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया और वह इस अहम सीरीज से भी बाहर हो गए। इतना ही नहीं, उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू होने वाली T20I सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया। इससे साफ संकेत मिलता है कि सिलेक्टर्स उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए पर्याप्त आराम देना चाहते हैं।

संजू सैमसन की टीम से छुट्टी

वहीं, जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित भारतीय T20I टीम में भी कई चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले। T20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिली, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर मौका दिया गया। इसके अलावा अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा भी T20I टीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे के लिए यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह को पहली बार मौका मिला है, जबकि रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है।

इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और शिवम दुबे।

यह भी पढ़ें:

भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे टी20 मैच के लिए प्लेइंग इलेवन का ऐलान, मंगलवार को होगा मुकाबला

Latest Cricket News