भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। दो मैच हो चुके हैं, जिसमें इंग्लैंड की टीम अभी लीड बनाए हुए है। सीरीज का तीसरा और अहम मुकाबला मंगलवार को ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। इस बीच मैच से एक दिन पहले ही इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस मैच के लिए प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया गया है।
मैच से एक दिन पहले इंग्लैंड की ओर से कर दिया जाता है प्लेइंग इलेवन का ऐलान
इंग्लैंड क्रिकेट की पिछले कुछ वक्त से ये परम्परा रही है कि जब भी कोई मुकाबला होता है, उससे एक दिन पहले ही टीम की ओर से अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया जाता है। आखिरी वक्त के लिए कोई सस्पेंस नहीं रखा जाता। इसी को ध्यान में रखते हुए इंग्लैंड ने तीसरे टी20 के लिए भी एक दिन पहले टीम घोषित कर दी है। खास बात ये है कि तीसरे मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी जो टीम पिछले मैच में खेली थी, वो ही इस अगले मैच में भी खेलती हुई नजर आएगी। टीम ने पिछला मैच चार विकेट से जीता था, इसलिए उसके हौसले भी बुलंद हैं। भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन का ऐलान टॉस के वक्त ही होगा।
इंग्लैंड ने चार विकेट से जीता था सीरीज का दूसरा मैच
भारत से इंग्लैंड की टीम दूसरा टी20 मैच जीत जरूर गई थी, लेकिन उसकी शुरुआत काफी खराब रही थी। भारतीय टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए थे, यानी इंग्लैंड को जीत के लिए 191 रन की जरूरत थी। इंग्लैंड की ओर से फिल साल्ट और जॉस बटलर ओपनिंग के लिए आए। पारी की पहली ही बॉल पर अर्शदीप सिंह ने फिल साल्ट को शून्य पर आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद इसी ओवर की पांचवी बॉल पर जॉस बटलर को भी अर्शदीप ने आउट कर दिया। वे भी अपना खाता नहीं खोल पाए थे। केवल एक रन पर टीम के दो विकेट गिर चुके थे, इससे टीम संकट में थी। लेकिन इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बैथल ने मोर्चा संभाला और टीम को संकट से बाहर निकालने का काम किया। हैरी ब्रूक ने केवल 15 बॉल पर 39 रन बनाए, वहीं जैकब बैथल ने 46 बॉल पर 76 रनों की अहम पारी खेली और वे आखिर तक नाबाद भी रहे। टीम ने चार विकेट से इस मैच को अपने नाम किया था।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन का ऐलान: फिल साल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद,
जोश टंग।
यह भी पढ़ें
आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को नुकसान, चार में से हारे हैं 3 टी20 मुकाबले