भारत और न्यूजीलैंड के बीच में 5 मैचों की टी20 सीरीज का अंत हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए सीरीज के आखिरी मुकाबले में मेजबान कीवी टीम की 7 विकेट से जीत के साथ खत्म हो गई। इस मुकाबले में हार के बावजूद टीम इंडिया सीरीज को 3-2 के अंतर से अपने नाम करने में कामयाब रही। न्यूजीलैंड ने सीरीज के शुरुआती तीनों मुकाबलों में लगातार हार का सामना किया था, जिसके बाद वह आखिरी के दो मुकाबलों को अपने नाम करने में कामयाब रहे। सेडन पार्क में खेले गए मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर्स में 191 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही थी, लेकिन न्यूजीलैंड ने भारतीय गेंदबाजों की खराब बॉलिंग और खराब फील्डिंग का पूरा फायदा उठाने के साथ 18 ओवर्स में ही टारगेट को चेज कर लिया। वहीं मुकाबला खत्म होने के बाद टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर का भी बड़ा बयान सामने आया है।
मुझे लगता है कि हम गेंदबाजी और फील्डिंग में और बेहतर कर सकते थे
श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में मिली हार के बाद ब्रॉडकास्टर को दिए बयान में कहा कि सच कहूं तो यह ठीक-ठाक स्कोर था। मिडिल ओवर्स में हमें जो शुरुआत मिली थी और जिस तरह से ईशान और मैंने मोमेंटम बनाया था, उसे देखते हुए हम और बेहतर कर सकते थे। लेकिन उसके बाद हमने लगातार विकेट गंवा दिए, जिससे नए बल्लेबाज पर अचानक दबाव आ गया। इस विकेट पर खेलना आसान नहीं था, खासकर तब जब गेंद सीम कर रही थी और थोड़ी रुक कर आ रही थी। आपने देखा होगा कि मैं और तिलक, हम दोनों लगभग एक ही तरह से आउट हुए। तो हां, यह काफी चुनौतीपूर्ण था, खासकर उस 'हार्ड लेंथ' पर। लेकिन 191 रनों तक पहुंचना, मेरे हिसाब से यह एक ठीक-ठाक स्कोर था। मुझे लगता है कि हम अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग में और बेहतर कर सकते थे लेकिन यहां पर हम थोड़े ढीले रहे। लेकिन यह सीखने का एक शानदार मौका था। विदेश में आना, न्यूजीलैंड आना और अलग-अलग मौकों पर, अलग-अलग मैदानों पर खेलना, यह सीखने का एक बहुत अच्छा अनुभव रहा।
हमें कुछ चीजों पर काम करने की जरूरत है
टीम इंडिया की इस सीरीज में कमियों को लेकर सवाल किए जाने पर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि मुझे लगता है कि अभी मैं इस बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहता क्योंकि हमें अभी वनडे सीरीज खेलनी है। जब आप विदेश में खेलते हैं, तो खेल के अलग-अलग पहलुओं में आपको चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और आप जितनी हिम्मत से इन चुनौतियों का सामना करेंगे, उतना ही बेहतर होगा। आज हमारे पास एक ऐसा ही मौका था जिसका हम फायदा उठाना चाहते थे, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। हालांकि, हम इस पर चर्चा कर सकते हैं और हमें कुछ चीजों पर काम करने की जरूरत है जिसमें खासकर फील्डिंग पर। यह खेल का एक ऐसा पहलू है जिसमें हमें सुधार करने की आवश्यकता है। लेकिन सच कहूं तो, जब आप ऐसी परिस्थितियों में खेलते हैं जहां रोशनी कम होती है और आसमान साफ होता है, तो यह इतना आसान नहीं होता। भारत में हमें अक्सर ऐसी स्थितियां नहीं मिलतीं, लेकिन हां, यह सीखने का एक बेहतरीन अनुभव रहा।
ये भी पढ़ें
टीम इंडिया ने रचा इतिहास, एक कैलेंडर ईयर में ठोक दिए 400 T20I सिक्स, दुनिया की पहली टीम बनी
ग्लेन फिलिप्स ने मचाया तहलका, टीम इंडिया के खिलाफ रनों का अंबार लगाकर तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
Latest Cricket News