भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड बनते हुए देखने को मिले, जिसमें वेस्टइंडीज की टीम ने टी20 इंटरनेशनल में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज किया। रांची में खेला सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला पूरी तरह से बल्लेबाजों के नाम रहा जिसमें 500 से अधिक रन बने। इस मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 249 रनों का स्कोर बनाया था तो वहीं विंडीज टीम ने टारगेट का पीछा 18.3 ओवर्स में कर लिया। मुकाबले में मिली हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिए अपने बयान में ओस को हार का बड़ा कारण बताया जिसके चलते गेंदबाजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस पिच पर गलती की गुंजाइश बहुत कम थी
रांची में तीन साल के लंबे अंतराल के बाद भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतरी थी, जिसमें उन्होंने जब पहले बल्लेबाजी करते हुए जब 249 रनों का स्कोर बनाया तो ऐसी उम्मीद थी कि टीम इंडिया मैच को जीत लेगी लेकिन विंडीज कप्तान शे होप की शतकीय पारी ने पूरी तरह से उम्मीदों पर पानी फेरने का काम किया। इस मुकाबले में मिली हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिए अपने बयान में पिच और ओस को लेकर कहा कि इस पिच पर क्या स्कोर आप सुरक्षित मान सकते हैं इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है क्योंकि ओस की काफी अहम भूमिका है। इस पिच पर गलती की गुंजाइश बहुत कम थी और अगर गेंदबाज से कोई चूक होती है या सही गेंद नहीं फेंकी जाती तो गेंद सीधे स्टैंड्स में जाती है और आपने देखा ही होगा कि वे कितनी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। वेस्टइंडीज की तरफ से कमाल की बल्लेबाजी देखने को मिली जिसकी उनको बधाई।
कुछ मौके हाथ से निकले लेकिन यह खेल का ही हिस्सा
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया की तरफ से फील्डिंग में भी कुछ गलतियां अहम मौके पर देखने को मिली जिसको लेकर कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपने बयान में माना कि कुछ मौके हाथ से निकले लेकिन यह खेल का ही हिस्सा है। वहीं इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से संजू सैमसन और मयंक यादव ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया जिसको लेकर अय्यर ने कहा कि दोनों ने अपनी-अपनी भूमिका को काफी जबरदस्त तरीके से निभाया, जिसमें मयंक ने शुरुआती ओवर्स में तीन विकेट लेकर हमें अच्छी शुरुआत दी थी लेकिन एक साझेदारी ने इस पूरे मैच का रुख वेस्टइंडीज की तर मोड़ दिया।
ये भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, घर पर हजार T20I रन पूरे करने वाले बने सिर्फ 7वें भारतीय
T20 इंटरनेशनल में लगातार पांच पारियों में जड़े अर्धशतक, दुनिया का एक ही खिलाड़ी कर पाया है कारनामा
Latest Cricket News