भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल 10 जुलाई को विंबलडन 2026 का सेमीफाइनल मैच देखने पहुंचे। वहां उन्होंने स्पेन के खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज के खेल की तुलना अपनी बल्लेबाजी से की। गिल ने बताया कि स्पेन के कार्लोस अल्काराज के खेल में उनकी बल्लेबाजी की झलक दिखाई देती है। गिल ने कहा कि अल्काराज जिस तरह टेनिस में 'ड्रॉप शॉट' खेलते हैं, वह क्रिकेट में उनके पसंदीदा 'शॉर्ट-आर्म' शॉट जैसा ही है और दोनों ही शॉट बेहद असरदार हैं।
कार्लोस अल्काराज के ड्रॉप शॉट को लेकर गिल का बड़ा बयान
शुभमन गिल ने जियो हॉटस्टार के हवाले से कहा कि टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज का 'ड्रॉप शॉट' उन्हें क्रिकेट में उनके अपने पसंदीदा 'शॉर्ट-आर्म जैब' शॉट की याद दिलाता है, क्योंकि दोनों ही शॉट विरोधियों को चकमा देने में काफी असरदार हैं। इसके अलावा, गिल ने अपने ड्रीम डिनर की इच्छा जताते हुए कहा कि वे टेनिस के दिग्गज रोजर फेडरर और सेरेना विलियम्स के साथ-साथ क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और विवियन रिचर्ड्स को एक साथ बुलाना चाहेंगे। उनका मानना है कि अपने-अपने दौर में खेल पर राज करने वाले इन चारों दिग्गजों से उनके अनुभवों और सफर के बारे में बातचीत करना एक शानदार अनुभव होगा।
यानिक सिनर को लेकर शुभमन गिल ने क्या कहा?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इस बार विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट जीतने के लिए खिलाड़ी यानिक सिनर को फेवरेट्स बताया है। गिल ने सिनर की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक शानदार खिलाड़ी हैं और उनका व्यवहार बहुत अच्छा है। इसके साथ ही, गिल ने रोजर फेडरर को अपना सबसे पसंदीदा खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि बचपन में लोग फेडरर के खेल को बहुत आसान समझते थे, लेकिन खुद एक खिलाड़ी होने के नाते वे जानते हैं कि खेल को इतना आसान और सुंदर बनाने के पीछे कितनी कड़ी मेहनत छिपी होती है।
कार्लोस अल्काराज के साथ डबल्स मैच में जोड़ी बनाना चाहेंगे शुभमन गिल
इस बातचीत में जब शुभमन गिल से पूछा गया कि वे टेनिस के डबल्स मैच में किस खिलाड़ी के साथ जोड़ी बनाना चाहेंगे, तो उन्होंने कार्लोस अल्काराज का नाम लिया। गिल ने कहा कि अल्काराज कोर्ट पर अपने खेल का पूरा मजा लेते हैं, इसलिए उनके साथ जोड़ी जमाना काफी मजेदार रहेगा। उन्होंने यह भी माना कि भले ही वे टेनिस के खेल को बहुत गहराई से नहीं समझते, लेकिन उन्हें भरोसा है कि वे मैच में अपना अच्छा योगदान दे पाएंगे, जिससे यह मुकाबला काफी रोमांचक हो जाएगा।
यह भी पढ़ें
जोस बटलर के पास धोनी से आगे निकलने का मौका, रोहित शर्मा को भी इस मामले में छोड़ेंगे पीछे
फ्री में कैसे देखें भारत बनाम इंग्लैंड पांचवां टी20 मैच? जानें लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी पूरी डिटेल्स
Latest Cricket News