शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में DLS नियम से रोमांचक जीत दर्ज करके पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। वेलिंगटन में खेले गए इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम को सिर्फ 134 रन पर समेट दिया था। इसके बाद भारत के सामने 135 रन का बेहद छोटा और आसान लक्ष्य था, लेकिन जब भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो लगातार विकेट गिरते चले गए। स्कोर बोर्ड पर 113 रन तक पहुंचते-पहुंचते भारत के 7 मुख्य खिलाड़ी आउट हो चुके थे और टीम मुसीबत में फंस गई थी।
DLS नियम के तहत भारत को मिली जीत
तभी अचानक बारिश शुरू हो गई और खेल रोकना पड़ा। अच्छी बात यह रही कि DLS नियम के हिसाब से भारत उस समय 4 रन आगे था, जिसके चलते भारत को अंत में विजेता घोषित कर दिया गया। हालांकि मैच जीतने के बावजूद कप्तान शुभमन गिल ने माना कि इतने छोटे लक्ष्य को पाने में टीम के पसीने छूट गए थे और अगर मैच थोड़ा और खिंचता तो हार का सामना भी करना पड़ सकता था। बता दें कि टीम इंडिया ने पहले वनडे में 5 विकेट से जीत दर्ज की थी।
गिल ने शॉट सेलेक्शन पर जताई नाराजगी
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कप्तान शुभमन गिल ने इस मैच को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने अपनी टीम के खराब शॉट सिलेक्शन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पिच मुश्किल थी और उन्हें अंत में इतने विकेट नहीं गंवाने चाहिए थे। गिल ने साफ कहा कि अगर बारिश के चलते DLS नियम के कारण भारत यह मैच चार-पांच रन से हार जाता, तो यह टीम के लिए बेहद शर्मनाक बात होती, लेकिन वे किसी तरह मैच जीतने में कामयाब रहे, जिसकी उन्हें खुशी है। उन्होंने युवा गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें इंटरनेशनल स्तर पर दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने की काबिलियत है।
वेलिंग्टन की पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं- गिल
मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि पिच पर बल्लेबाजी करना बिल्कुल भी आसान नहीं था। उन्होंने अपनी टीम की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि न्यूजीलैंड की टीम को 130-140 रन के स्कोर पर रोकना शानदार फैसला साबित हुआ। गिल ने माना कि शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि यह छोटा सा लक्ष्य आसानी से हासिल हो जाएगा, लेकिन लगातार विकेट गिरने की वजह से मुश्किल खड़ी हो गई, हालांकि अंत में टीम मैच जीतने में सफल रही।
यह भी पढ़ें:
रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, दूसरे वनडे में दो छक्के लगाकर शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को किया चकनाचूर
मोहम्मद शमी के रिटायरमेंट पर आया BCCI का बड़ा बयान, खास अंदाज में दी विदाई
Latest Cricket News