A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'मुझे कुछ साबित नहीं करना', IPL से पहले शुभमन गिल के बेबाक बोल, इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर उठाए सवाल

'मुझे कुछ साबित नहीं करना', IPL से पहले शुभमन गिल के बेबाक बोल, इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर उठाए सवाल

IPL 2026 का 28 मार्च से आगाज होने जा रहा है। पहले मैच में RCB और SRH के बीच मुकाबला होगा। वहीं, गुजरात 31 मार्च को अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी।

Shubman Gill- India TV Hindi
Image Source : PTI शुभमन गिल

IPL 2026 से पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने बड़ा और बेबाक बयान दिया है। गिल ने साफ कहा कि इस सीजन उन्हें किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है, बल्कि उनका पूरा ध्यान टीम को एक बार फिर चैंपियन बनाने पर है। गिल ने कहा कि अगर आप पिछले तीन-चार सीजन देखें तो उनके नाम IPL में सबसे ज्यादा रन हैं। ऐसे में उन्हें नहीं लगता कि इस सीजन खासकर उन्हें कुछ साबित करना है। पिछले चार साल में टीम के लिए हमने अच्छा प्रदर्शन किया है और बतौर बल्लेबाज भी उन्होंने अच्छा किया है।

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें किसी को अपनी काबिलियत दिखाने की जरूरत नहीं है। उन्हें वही करना है जो पिछले चार साल से करता आ रहे हैं। अगर टीम लगातार अच्छा खेलती रही, तो जल्द ही हम फिर से ट्रॉफी जीतेंगे। गिल इस समय टेस्ट और ODI में भारत की कप्तानी कर रहे हैं। हाल ही में T20 टीम से बाहर कर दिए गए थे, ताकि टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन को मौका दिया जा सके। यह फैसला टीम इंडिया के लिए सही साबित हुआ और भारत ने हाल ही में ICC T20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।

इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर उठाए सवाल

शुभमन गिल ने IPL के इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका मानना है कि यह नियम खेल को एकतरफा बना रहा है और इससे क्रिकेट की असली स्किल कम हो रही है। गिल ने कहा कि उनके हिसाब से इम्पैक्ट प्लेयर नियम नहीं होना चाहिए। क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है और एक अतिरिक्त बल्लेबाज आने से खेल का संतुलन बिगड़ जाता है। जब आपके पास सीमित बल्लेबाज होते हैं और कुछ जल्दी आउट हो जाते हैं, तब असली स्किल दिखती है कि आप टीम को अच्छे स्कोर तक कैसे ले जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि 180 या 160 रन का पीछा करना किसी कठिन पिच पर ज्यादा रोमांचक होता है, बजाय इसके कि 220 रन फ्लैट विकेट पर बनाए जाएं। यह नियम खेल को थोड़ा एकतरफा बना रहा है और स्किल को कम कर रहा है।

2027 तक जारी रहेगा नियम

गिल का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में मुंबई में हुई IPL कप्तानों की मीटिंग में यह तय किया गया कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम 2027 तक जारी रहेगा। हालांकि गिल ने माना कि इससे मैच ज्यादा मनोरंजक जरूर होते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रूप से वह इस नियम के पक्ष में नहीं हैं।

यह भी पढ़ें:

साल 2002 के बाद पहली बार भारत का दौरा करेगी टीम, खेले जाएंगे 3 मुकाबले

विराट कोहली के पास स्पेशल क्लब में शामिल होने का मौका, सिर्फ दो खिलाड़ी कर पाए हैं गजब कारनामा

Latest Cricket News