1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्मृति मंधाना का महाकारनामा, स्टार प्लेयर को पछाड़ा, अब सिर्फ 3 दिग्गज खिलाड़ी रह गए आगे

स्मृति मंधाना का महाकारनामा, स्टार प्लेयर को पछाड़ा, अब सिर्फ 3 दिग्गज खिलाड़ी रह गए आगे

दुनिया की नंबर-1 महिला ODI बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे मैच में कमाल कर दिया। मंधाना ने धमाकेदार शतक जड़ते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

Smriti Mandhana- India TV Hindi
Image Source : PTI स्मृति मंधाना

IND-W vs AUS-W: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे ODI मैच में टीम इंडिया की उपकप्तान स्मृति मंधाना का बल्ला जमकर बोला। मंधाना ने तूफानी अंदाज में शतक जड़ते हुए बड़ा कारनामा किया। मंधाना ने सिर्फ 77 गेंद में अपना शतक पूरा किया, जो किसी भारतीय महिला बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज ODI शतक है। मंधाना ने 91 गेंद में 117 रन बनाये जिसमे 14 चौके और चार छक्के शामिल थे। इस शतकीय पारी के साथ ही मंधाना ने नया इतिहास रच दिया।

स्मृति मंधाना ने छुआ बड़ा मुकाम

मंधाना ने इस साल तीसरा ODI शतक जड़ा। इस तरह वह दूसरी बार एक कैलेंडर ईयर में 3 या उससे ज्यादा ODI शतक लगाने का कारनामा किया। ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली खिलाड़ी बनी। मंधाना 15 इंटरनेशनल शतक लगाने वाली एशिया की पहली महिला खिलाड़ी भी बन गईं। यही नहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस तूफानी शतक की बदौलत भारतीय स्टार बल्लेबाज ने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। उन्होंने वेस्टइंडीज की दिग्गज ऑलराउंडर स्टेफनी टेलर (9299 रन) को पीछे छोड़ते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर का दर्जा हासिल कर लिया है। मंधाना के नाम अब 9307 रन दर्ज हो चुके हैं। उनसे आगे केवल तीन ही दिग्गज बल्लेबाज हैं, जिनमें मिताली राज, सूजी बेट्स और चार्लोट एडवर्ड्स शामिल हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर

  • मिताली राज (भारत) – 10868 रन
  • सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) – 10612 रन
  • चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) – 10273 रन
  • स्मृति मंधाना (भारत) – 9307 रन
  • स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज) – 9299 रन

इस उपलब्धि के साथ मंधाना ने एक बार फिर साबित किया है कि वह भारतीय महिला क्रिकेट की रीढ़ हैं। अब उनकी नजर और भी ऊंचे मुकाम पर है, जहां वह जल्द ही इंटरनेशनल क्रिकेट में टॉप-3 रन स्कोरर की सूची में शामिल हो सकती हैं। 

ऑस्ट्रेलिया को मिली सबसे बड़ी हार

इस मुकाबले की बात की जाए तो मंधाना के शतक के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम 49.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 292 रन बनाने में सफल रही। मंधाना ने शानदार शतक जड़ा तो दीप्ति शर्मा ने 40 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए डार्सी ब्राउन ने 3 विकेट झटके। भारत के 292 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और पूरी टीम 190 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को ODI में सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा और अपना 52 साल पुराना शर्मनाक रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। बता दें, साल 1973 में ऑस्ट्रेलिया की महिला को टीम 92 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा था।

यह भी पढ़ें:

खाता खोलने के लिए तरसा पाकिस्तानी ओपनर, डक की लगाई हैट्रिक

स्मृति मंधाना का वर्ल्ड रिकॉर्ड, ODI क्रिकेट की दुनिया में ऐसा करने वाली पहली महिला प्लेयर

Latest Cricket News