1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्मृति मंधाना की कप्तानी में उतरेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम, आज कितने बजे शुरू होगा मुकाबला

स्मृति मंधाना की कप्तानी में उतरेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम, आज कितने बजे शुरू होगा मुकाबला

भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच आज से टी20 सीरीज का आगाज हो रहा है। स्मृति मंधाना भारतीय टीम की कप्तान हैं और हरमनप्रीत कौर बतौर खिलाड़ी टीम में शामिल की गई हैं।

smriti mandhana- India TV Hindi
Image Source : PTI स्मृति मंधाना

भारतीय महिला क्रिकेट में आज नए युग की शुरुआत होने जा रही है। हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद स्मृति मंधाना को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। आज उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम अपना पहला मैच खेलने के लिए उतरेगी। भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाला ये मुकाबला आज कितने बजे से खेला जाएगा, ये जान लीजिए। साथ ही हम आपको ये भी बताएंगे कि भारतीय टीम में और कौन कौन सी खिलाड़ी हैं, जो इस मैच में खेलती हुई नजर आएंगी। 

स्मृति मंधाना की कप्तानी में खेलेंगी पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर

हरमनप्रीत कौर ने हाल ही में कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। हालांकि वे ​एक खिलाड़ी के तौर पर खेलती रहेंगी। इसके बाद बीसीसीआई की ओर से स्मृति मंधाना को नया कप्तान बनाया गया। वैसे तो मंधाना ने इससे पहले भी कप्तानी की जिम्मेदारी उठाई है, लेकिन वे तब कप्तान बनी थीं, जब हरमनप्रीत कौर नहीं खेल रही थी। यानी वे फुलटाइम कप्तान नहीं थीं। अब स्मृति मंधाना को आगे तक के लिए ये काम सौंपा गया है। स्मृति मंधाना की कप्तानी में हरमनप्रीत कौर एक खिलाड़ी के तौर खेलती हुई दिखाई देंगी। 

भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच आज पहला टी20 इंटरनेशनल मैच

भारत और जिम्बाब्वे के बीच लंबी सीरीज शुरू होने जा रही है। पहले तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। इसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज होगी। टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडिय पर खेला जाएगा। आज का मैच शाम सात बजे शुरू होगा, इससे आधे घंटे पहले यानी साढ़े छह बजे टॉस होगा। सभी तीन मुकाबले यहीं यानी रायपुर में होंगे। इसके बाद होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के सभी मैच बड़ोदरा में खेले जाएंगे। 

भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज के मैच स्टार स्पोर्ट्स पर देखे जा सकेंगे लाइव

इस पूरी सीरीज के मीडिया राइट्स स्टार स्पोर्ट्स के पास हैं। यानी आप टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स और मोबाइल पर जियो हॉट स्टार पर इन मैचों का लाइव प्रसारण देख सकते हैं। सभी की नजर इस बात पर होगी कि स्मृति मंधाना की कप्तानी में टीम कैसा प्रदर्शन करती है और मंधाना किस रणनीति के साथ मैदान में उतरती हैं। साथ ही हरमनप्रीत कौर एक बल्लेबाज के तौर पर तो खेलेंगी ही, साथ ही ये भी देखना होगा​ कि वे मंधाना की किस तरह की मदद करती हैं, क्योंकि कौर के पास असीम अनुभव है, जिसका फायदा भारतीय टीम को मिल सकता है। 

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पूरा स्क्वॉड: शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना (कप्तान), हरमनप्रीत कौर, रिचा घोष, गुनालन कमलिनी, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अनुष्का शर्मा, जिंतीमनी कलिता, निकी प्रसाद, प्रेमा रावत।

जिम्बाब्वे महिला क्रिके टीम का पूरा स्क्वॉड: केलिस नधलोवु, बिलव्ड बिजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, चिएड्जा धुरुरू, न्याशा ग्वानज़ुरा, जोसेफिन नकोमो (कप्तान), मोडेस्टर मुपाचिकवा, शार्ने मेयर्स, लोरिन फिरी, फ्रांसिस्का चिपारे, कुडजई चिगोरा, नोमवेलो सिबांडा, ओलिंडर चारे, मिशेल मावुंगा, तेंदई मकुशा। 

यह भी पढ़ें 

कुलदीप यादव को प्लेइंग XI से बाहर करने पर भड़के आर अश्विन, कहा- इस फैसले में कॉमन सेंस की कमी

शैफाली वर्मा का जिम्बाब्वे सीरीज से पहले बड़ा बयान, कहा-हरमनप्रीत ने महिला क्रिकेट को इस मुकाम तक पहुंचाया

Latest Cricket News