A
Hindi News खेल क्रिकेट स्मृति मंधाना के पास सेमीफाइनल में बड़ा मौका, ऐसा करने वाली बनेंगी दूसरी बल्लेबाज

स्मृति मंधाना के पास सेमीफाइनल में बड़ा मौका, ऐसा करने वाली बनेंगी दूसरी बल्लेबाज

स्मृति मंधाना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल मैच में खेलती हुई नजर आएंगी। इस मैच में उनके पास एक खास उपलब्धि अपने नाम करने का मौका होगा।

Smriti Mandhana- India TV Hindi Image Source : AP स्मृति मंधाना

महिला वनडे वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। यह मैच 30 अक्टूबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में स्मृति मंधाना के पास एक खास उपलब्धि अपने नाम करने का मौका होगा। दरअसल वनडे में मंधाना का रिकार्ड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहद शानदार रहा है। इस टीम के खिलाफ उन्होंने जब जब खेला है उनके बल्ले से खूब रन निकले हैं। इस वर्ल्ड कप में भी मंधाना के बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं। मंधाना ने अब तक इस टूर्नामेंट में 365 रन बनाए हैं और वे टूर्नामेंट की दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंधाना का रिकॉर्ड

मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अबतक 20 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से कुल 996 रन आए हैं। यानी सेमीफाइनल में 4 रन बनाते ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंधाना के 1000 रन पूरे हो जाएंगे। ऐसा करने वाली वह दूसरी भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगी।उनसे पहले ये कारनामा मिताली राज ने किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1123 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंधाना का औसत करीब 50 का है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंधाना ने 6 फिफ्टी और 4 सेंचुरी लगाई है। उनका हाईएस्ट स्कोर 125 का है। इन आंकड़ों से साफ है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंधाना ने निरंतरता के साथ रन बनाए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्मृति मंधाना का स्ट्राइक रेट कितने का है?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्मृति मंधाना के स्ट्राइक रेट को लेकर बात करें तो वह 108 का रहा है। वहीं उनके पूरे करियर में वनडे फॉर्मेट में स्ट्राइक रेट लगभग 90 का रहा है। इसका मतलब है कि मंधाना जब भी इस टीम के खिलाफ बल्लेबाजी करती हैं तो वह आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी करती हैं। अगर पिछले पांच मुकाबलों की बात करें, तो मंधाना ने 105, 58, 117, 125 और 80 के स्कोर बनाए हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि वे ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के खिलाफ किस तरह आत्मविश्वास से भरी होती हैं।

2017 में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेला गया था सेमीफाइनल मैच

बता दें कि ये इससे पहले 2017 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच खेला गया था। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी और फाइनल का टिकट हासिल किया था। हालांकि, तब भारतीय टीम फाइनल में हार गई थी। ऐसे में इस मुकाबले में टीम इंडिया के पास उस हार का बदला लेने का मौका होगा। अब इस मैच में टीम इंडिया कैसा प्रदर्शन करती है ये देखना दिलचस्प होगा।

यह भी पढ़ें

साउथ अफ्रीका ने पहली बार मारी फाइनल में एंट्री, सेमीफाइनल में इंग्लैंड को बुरी तरह हराया

366 दिनों के बाद होगी इस खिलाड़ी की ODI में वापसी, सेमीफाइनल मैच से पहले दिया बड़ा बयान

Latest Cricket News