1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 366 दिनों के बाद होगी इस खिलाड़ी की ODI में वापसी, सेमीफाइनल मैच से पहले दिया बड़ा बयान

366 दिनों के बाद होगी इस खिलाड़ी की ODI में वापसी, सेमीफाइनल मैच से पहले दिया बड़ा बयान

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 29, 2025 09:08 pm IST,  Updated : Oct 29, 2025 09:08 pm IST

महिला वनडे वर्ल्ड कप के बीच में भारतीय महिला टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल चोट की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।

Shafali Varma- India TV Hindi
शैफाली वर्मा Image Source : PTI

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज शैफाली वर्मा को काफी समय से टीम से बाहर चल रही हैं, उनकी वापसी होने वाली है। शैफाली वर्मा ने भारत के लिए आखिरी वनडे मैच 2024 में 29 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उसके बाद से वह लगातार भारतीय स्क्वॉड से बाहर चल रही हैं। इस वर्ल्ड कप के लिए भी उन्हें स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन चोटिल प्रतिका रावल के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया है। वह अब 366 दिन के बाद वनडे फॉर्मेट में वापसी करने वाली हैं।

प्रतिका रावल के चोटिल होने से दुखी हैं शैफाली वर्मा

वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत के स्क्वॉड में शामिल होने के बाद शैफाली वर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया है कि प्रतिका रावल के चोटिल होने से वह काफी दुखी हैं लेकिन उन्हें लगता है कि भगवान की कृपा के कारण वह ऑफिशियल रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में नहीं होने के बावजूद भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रही हैं। आपको बता दें कि वर्ल्ड कप में खेलने से पहले वह राष्ट्रीय महिला टी20 में हरियाणा की कप्तानी कर रही थीं।

भगवान ने मुझे कुछ अच्छा करने के लिए भेजा है- शैफाली वर्मा

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में शैफाली वर्मा ने कहा कि एक खिलाड़ी होने के नाते प्रतिका के साथ जो हुआ, वह अच्छी बात नहीं थी। कोई नहीं चाहता कि किसी खिलाड़ी को ऐसी चोट लगे। लेकिन भगवान ने मुझे कुछ अच्छा करने के लिए भेजा है। मैं घरेलू क्रिकेट खेल रही थी और मैं बहुत अच्छी लय में थी। सेमीफाइनल की बात करें तो ऐसा नहीं है कि यह मेरे लिए कोई नयी बात है क्योंकि मैं पहले भी सेमीफाइनल खेल चुकी हूं। यह इस बात पर निर्भर करता है कि मैं मानसिक रूप से खुद को कैसे इन बड़े मैचों में एकाग्र रखती हूं। मैं पहले भी सेमीफाइनल खेल चुकी हूं।

शैफाली वर्मा का हुआ जोरदार स्वागत

शैफाली ने आगे बताया कि जब मैं टीम से जुड़ी तो सभी ने मेरा दिल खोलकर स्वागत किया और यह देखकर अच्छा लगा। जिन भी खिलाड़ियों से मैंने बात की उन्होंने मेरा हौसला बढ़ाया। मैंने जिन भी खिलाड़ियों से बात की, कोच, कप्तान और यहां तक कि स्मृति दी, सभी ने कहा कि मुझे अपना नैसर्गिक खेल खेलने की सलाह दी। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में शैफाली का प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखना दिलचस्प होगा। शैफाली अभी तक अपने करियर में 29 वनडे खेल चुकी हैं और वहां उनके बल्ले से 644 रन आए हैं।

यह भी पढ़ें

IND vs AUS: सेमीफाइनल में भारत के लिए बारिश न बन जाए रोड़ा, रद्द हुआ मुकाबला तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट

रोहित शर्मा ने ध्वस्त कर दिया सचिन तेंदुलकर का बहुत बड़ा कीर्तिमान, 14 साल बाद टूटा ये रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल