A
Hindi News खेल क्रिकेट कीवी टीम का ऐलान, स्टार खिलाड़ियों की स्क्वॉड में वापसी, 15 मार्च से खेली जाएगी सीरीज

कीवी टीम का ऐलान, स्टार खिलाड़ियों की स्क्वॉड में वापसी, 15 मार्च से खेली जाएगी सीरीज

5 मैचों की T20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। न्यूजीलैंड की टीम 15 मार्च से साउथ अफ्रीका का सामना करेगी।

NZ vs SA- India TV Hindi Image Source : AFP न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम

न्यूजीलैंड से बड़ी खबर आई है।। साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20I सीरीज के लिए कीवी टीम की घोषणा हो गई है, जिसमें अनुभवी खिलाड़ी सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और तेज गेंदबाज ली ताहुहू की वापसी हो गई है। इन 3 खिलाड़ियों की वापसी न्यूजीलैंड के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है, खासकर तब जब टीम इसी साल होने वाले ICC वूमेन्स 20 वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटी है।

सोफी डिवाइन जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली सीरीज में उपलब्ध नहीं थीं, क्योंकि वह न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ कैजुअल कॉन्ट्रैक्ट पर हैं। वहीं, बेट्स क्वाड्रिसेप्स इंजरी के कारण टीम से बाहर थीं। दूसरी ओर ली ताहुहू ने हाल ही में ODI क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था और पिछले दौरे में उन्हें महिला T20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के तहत आराम दिया गया था। हालांकि, ताहुहू इस सीरीज के पहले दो मैचों में नहीं खेलेंगी और वह केवल आखिरी तीन T20 मुकाबलों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

कोच ने जताई खुशी

टीम के मुख्य कोच बेन सॉयर ने खिलाड़ियों की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हम सूजी और सोफी का टीम में फिर से स्वागत करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। मैदान पर उनका खेल तो शानदार है ही, लेकिन टीम के माहौल और संस्कृति में उनका योगदान भी हमारे लिए बेहद अहम है। हमें उम्मीद है कि वे टीम के नए खिलाड़ियों के साथ अच्छा तालमेल बनाएंगी।

जॉर्जिया प्लिमर भी हुईं फिट

टीम के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि ओपनर जॉर्जिया प्लिमर भी फिट होकर टीम में लौट आई हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज के दौरान उनके कंधे में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह ODI सीरीज से बाहर हो गई थीं। प्लिमर और सूजी बेट्स मौजूदा T20 वर्ल्ड चैंपियन न्यूजीलैंड की नियमित ओपनिंग जोड़ी हैं।

फ्लोरा डेवोनशायर की भी वापसी

23 साल की ऑलराउंडर फ्लोरा डेवोनशायर भी चोट से उबरकर टीम में लौट आई हैं। उन्होंने पिछले साल T20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था, लेकिन उंगली टूटने के कारण टीम से बाहर हो गई थीं। हालांकि डेवोनशायर भी ताहुहू की तरह केवल आखिरी तीन T20I मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगी। वहीं तेज गेंदबाज ब्री इलिंग और विकेटकीपर बल्लेबाज पोली इंग्लिस को केवल पहले दो मैचों के लिए टीम में चुना गया है।न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज 15 मार्च से बे ओवल में शुरू होगी। यह सीरीज पुरुष टीमों के मुकाबलों के साथ डबल हेडर के रूप में खेली जाएगी। अमेलिया केर के पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद न्यूजीलैंड की ये दूसरी T20I सीरीज भी होगी।

T20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की महिला टीम: अमेलिया केर (कप्तान), सूजी बेट्स, सोफी डिवाइन, फ्लोरा डेवोनशायर (केवल अंतिम 3 T20I), इसाबेला गेज, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, ब्री इलिंग (पहले 2 T20I), पोली इंग्लिस (पहले 2 T20I), जेस केर, रोजमेरी मैयर, नेन्सी पटेल, जॉर्जिया प्लिमर, इजी शार्प, ली ताहुहू (केवल अंतिम 3 T20)।

यह भी पढ़ें 

IND vs AUS: किसने जीते हैं कितने आईसीसी खिताब, यहां एक- एक ट्रॉफी का है हिसाब

T20 World Cup 2028: कब और कहां खेला जाएगा अगला ​टी20 विश्व कप, 12 टीमों ने पक्की की अपनी जगह

Latest Cricket News