1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA-C vs WI-C: स्कोर बराबर होने के बाद क्यों हुआ बॉल आउट? क्या इस वजह से नहीं करवाया गया सुपर ओवर

SA-C vs WI-C: स्कोर बराबर होने के बाद क्यों हुआ बॉल आउट? क्या इस वजह से नहीं करवाया गया सुपर ओवर

WCL 2025 में साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने वेस्टइंडीज चैंपियंस को शिकस्त दी है। पहले दोनों टीमों का स्कोर बराबर हो गया था। फिर मैच का नतीजा बॉल आउट में आया, जहां बाजी अफ्रीकी टीम के हाथ लगी।

Edgbaston Stadium- India TV Hindi
Image Source : GETTY एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड

वर्ल्ड चैंपियनशिप लीजेंड्स 2025 में साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने वेस्टइंडीज चैंपियंस को बॉल आउट में हराया। ये मैच एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। इससे पहले बारिश की वजह से मैच देरी से शुरू हुआ और दोनों टीमों के बीच 11-11 ओवर्स का मुकाबला हुआ। अफ्रीका चैंपियंस के कप्तान एबी डिविलियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जहां विंडीज ने 79 रन बनाए। लेकिन अफ्रीका को डकवर्थ लुईस नियम की वजह से 81 रनों का टारगेट मिला। अफ्रीका ने निर्धारित 11 ओवर्स के बाद 80 रन बनाए। उसे मैच जीत जाना चाहिए था। लेकिन टारगेट में बढ़े एक रन ने उसकी मुश्किल बढ़ा दी। इस तरह से स्कोर बराबर माना गया। फिर दोनों टीमों के बीच बॉल आउट हुआ।

अफ्रीका के दो गेंदबाजों ने स्टंप पर मारी बॉल

बॉल आउट में दोनों टीमों के 5-5 गेंदबाजों को स्टंप पर गेंद मारनी होती थी, जिसकी तरफ से ज्यादा गेंदबाज गेंदें विकेट में मारते हैं। उसे विजेता माना जाता है। मैच में साउथ अफ्रीका चैंपियंस के बॉलर्स ने पहले चांस लिया। अफ्रीका के पांच बॉलर्स में से सिर्फ जेजे स्मट्स और वेन पार्नेल की गेंदें ही विकेट पर लगीं। दूसरी तरफ वेस्टइंडीज चैंपियंस की तरफ से कोई भी गेंदबाज गेंद को विकेट पर नहीं मार पाया। इसी वजह से उसे हार का सामना करना पड़ा।

बॉल आउट के लिए ओनर ने कही थी ये बात

टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही WCL के ओनर हर्षित तोमर ने कहा कि 2007 का भारत बनाम पाकिस्तान बॉल-आउट आज भी मेरी पसंदीदा यादों में से एक है। इसलिए हम इसे फिर से जीवंत करना चाहते हैं और इसे बिल्कुल मौलिक बनाए रखना चाहते हैं। ओनर की बात से साफ होता है कि वह पहले ही किसी भी मैच में स्कोर बराबर होने पर सुपर ओवर की जगह बॉल आउट करवाने पर राजी थे।

जेपी डुमिनी ने बनाए 25 रन

साउथ अफ्रीका चैंपियंस के ओपनर रिचर्ड लेवी दूसरे ओवर में पवेलियन लौट गए थे। उनका विकेट शेल्डन कॉट्रेल ने हासिल किया था। फिर दिग्गज एबी डिविलियर्स और हाशिम अमला भी अच्छा नहीं कर पाए। अमला ने 15 रन और डिविलियर्स ने 3 रन बनाए। सरेल इर्वी 27 रन बनाकर रन आउट हो गए थे। जेपी डुमिनी ने 25 रन बनाए। इन प्लेयर्स ने मेहनत तो खूब की और 80 रन बना पाए, जो टारगेट से एक कम रह गया। वेस्टइंडीज के शेल्डन कॉट्रेल और फिडेल एडवर्ड ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

क्रिस गेल पहले ही ओवर में लौटे थे पवेलियन

वेस्टइंडीज चैंपियंस की शुरुआत बहुत ही खराब रही, जब कप्तान क्रिस गेल पहले ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद ड्वेन स्मिथ भी खास कमाल नहीं दिखा पाए और 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। स्टार ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड तो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। वेस्टइंडीज चैंपियंस की टीम ने 3 विकेट 30 रनों तक ही गंवा दिए थे। इसके बाद लिंडेल सिमंस (28 रन) और चैडविक वाल्टन (27 रन) ने कुछ देर क्रीज पर टिकने की कोशिश की। लेकिन ये प्लेयर्स भी बड़ी पारियां नहीं खेल पाए। ड्वेन ब्रावो 8 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित 11 ओवर्स के बाद 79 रन बनाए थे। साउथ अफ्रीका चैंपियंस के लिए आरोन फैंगिसो ने सबसे ज्यादा दो विकेट अपने नाम किए।

यह भी पढ़ें:

IND vs ENG: इंग्लैंड अंडर-19 टीम के स्क्वाड का ऐलान, बदला गया कप्तान; इसे मिली पहली बार जगह

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड लेना चाहता है बड़ा फैसला, लेकिन सामने आ गई पैसों की अड़चन

Latest Cricket News