1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी शबनीम इस्माइल ने रचा इतिहास, मेंस-वुमेंस T20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर बनी

साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी शबनीम इस्माइल ने रचा इतिहास, मेंस-वुमेंस T20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर बनी

साउथ अफ्रीका महिला टीम का आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सफर भले ही सेमीफाइनल से खत्म हो गया, लेकिन उनकी तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने में जरूर कामयाब रहीं।

Shabnim Ismail- India TV Hindi
Image Source : AP शबनीम इस्माइल

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 2 जुलाई को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका टीम के बीच में खेला गया। इस मैच को इंग्लैंड की टीम ने 40 रनों से अपने नाम करने के साथ फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं साउथ अफ्रीकी टीम जो एकबार फिर से बड़े मुकाबले के दबाव में बिखर गई उनकी अनुभवी तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने में कामयाब रहीं। शबनीम अब मेंस और वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं, जिसमें उन्होंने बांग्लादेश टीम के खिलाड़ी शाकिब अल हसन को पीछे छोड़ा।

शबनीम के नाम अब टी20 वर्ल्ड कप में कुल 51 विकेट दर्ज

साउथ अफ्रीकी महिला टीम की तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 बिल्कुल भी उम्मीदों के अनुसार नहीं रहा जिसमें वह 6 मुकाबलों में खेलते हुए सिर्फ 8 विकेट ही लेने में कामयाब हो सकी। शबनीम ने इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में कुल 2 विकेट हासिल किए, इसमें उन्होंने एमी जोन्स को जहां अपना पहला शिकार बनाते हुए टी20 वर्ल्ड कप में अपने 50 विकेट पूरे किए तो वहीं फिर उन्होंने जैसे ही एलिस केप्सी का विकेट हासिल किया उसी के साथ उन्होंने शाकिब अल हसन को पीछे छोड़ने के साथ नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा कर लिया। शाकिब अल हसन के नाम पर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कुल 50 विकेट दर्ज हैं।

मेंस-वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • शबनीम इस्माइल (साउथ अफ्रीका महिला टीम) - 51 विकेट
  • शाकिब अल हसन ( बांग्लादेश मेंस टीम) - 50 विकेट
  • मेगन शुट्ट (ऑस्ट्रेलिया महिला टीम) - 48 विकेट
  • एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया महिला टीम) - 44 विकेट
  • एडम जैंपा (ऑस्ट्रेलिया मेंस टीम) - 44 विकेट
  • आदिल रशीद (इंग्लैंड मेंस टीम) - 44 विकेट

इंग्लैंड की नजर दूसरी बार ट्रॉफी जीतने पर

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह को पक्की करने वाली इंग्लैंड की नजरें अब दूसरी बार इस ट्रॉफी को जीतने पर हैं, जिसमें खिताबी मैच में उनकी भिड़ंत 6 बार इस ट्ऱॉफी को अपने नाम कर चुकी ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम से होगी। इंग्लैंड महिला टीम ने पिछली बार साल 2009 में जब पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था तो वह भी उन्होंने घर पर ही ट्रॉफी को उठाया था और इस बार भी उनकी कोशिश ऐसा ही कुछ करने पर रहने वाली है।

ये भी पढ़ें

इंग्लैंड ने 5वीं बार बनाई महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में जगह, ऑस्ट्रेलिया से होगी खिताबी मैच में भिड़ंत

इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर को मिली जान से मारने की धमकी, वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल पर उठाए थे सवाल

Latest Cricket News