1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड ने 5वीं बार बनाई महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में जगह, ऑस्ट्रेलिया से होगी खिताबी मैच में भिड़ंत

इंग्लैंड ने 5वीं बार बनाई महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में जगह, ऑस्ट्रेलिया से होगी खिताबी मैच में भिड़ंत

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 03, 2026 06:58 am IST,  Updated : Jul 03, 2026 06:58 am IST

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका की टीम को 40 रनों से मात देने के साथ पांचवीं बार फाइनल में टूर्नामेंट के इतिहास में अपनी जगह को पक्का कर लिया है।

England Womens Cricket Team- India TV Hindi
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम Image Source : AFP

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच में लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला गया, जिसको इंग्लैंड महिला टीम ने 40 रनों से एकतरफा अपने नाम करने के साथ 5 जुलाई को होने वाले फाइनल मुकाबले के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। इंग्लैंड महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पांचवीं बार अपनी जगह को पक्का करने में कामयाब हुई है, जिसमें खिताबी मुकाबले में उनका अब सामना इस टूर्नामेंट को सबसे ज्यादा बार जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम से होगा। अभी तक इस बार टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की टीम का अजेय अभियान देखने को मिला है जिसमें फाइनल मुकाबले में भी वह इसे कायम रखने में कामयाब हो पाएंगे या नहीं इसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

कप्तान ब्रंट की पारी ने इंग्लैंड की फाइनल की टिकट को किया पक्का

साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत काफी खराब देखने को मिली जिसमें उन्होंने 23 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद इंग्लैंड की कप्तान नेट स्क्वाइवर ब्रंट और हीथर नाइट ने ना सिर्फ पारी को संभाला बल्कि दोनों ने चौथे विकेट के लिए 90 गेंदों में 133 रनों की साझेदारी करने के साथ टीम को एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। नाइट के बल्ले से इस मैच में 47 गेंदों में 58 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं ब्रंट ने 47 गेंदों में 75 रनों की पारी खेलने के साथ इंग्लैंड को इस अहम मैच में 169 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया।

बेल-डीन का गेंदबाजी में दिखा कमाल

इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 170 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तो उन्होंने अपना पहला विकेट तो 43 के स्कोर पर गंवाया लेकिन इसके बाद 68 के स्कोर तक वह तीन विकेट गंवा चुकी थी। यहां से उनके लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला जिसके चलते रनगति का दबाव भी बढ़ता चला गया। अफ्रीका की तरफ से सिर्फ ताजमीन ब्रिट्स ही 51 रनों की पारी खेलने में कामयाब हो सकी तो अन्य कोई भी बल्लेबाज 20 रनों का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। इंग्लैंड के लिए गेंदबाजी में लॉरेन बेल और चार्लोट डीन का कमाल देखने को मिला जिसमें दोनों ने 2-2 विकेट हासिल किए तो वहीं लिंसे स्मिथ, सोफी एक्लेस्टोन और फ्रेया केंप ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें

संजू सैमसन क्यों हो रहे लगातार फेल? इरफान पठान ने बताई बैटिंग में बड़ी कमजोरी

इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर को मिली जान से मारने की धमकी, वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल पर उठाए थे सवाल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल