A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप से पहले दिग्गज खिलाड़ी के रिटायरमेंट वापस लेने की संभावना, टीम के ऐलान में देरी

T20 वर्ल्ड कप से पहले दिग्गज खिलाड़ी के रिटायरमेंट वापस लेने की संभावना, टीम के ऐलान में देरी

साउथ अफ्रीका ने वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम घोषणा आखिरी समय पर टाल दी। इस बीच खबर सामने आई है कि रिटायरमेंट ले चुकी तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल ने चयन के लिए खुद को उपलब्ध कराया है।

Shabnim Ismail- India TV Hindi
Image Source : AFP शबनिम इस्माइल

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका क्रिकेट में अचानक हलचल मच गई है। टीम की स्क्वॉड घोषणा आखिरी वक्त पर टाल दी गई, लेकिन इस फैसले के पीछे की सबसे बड़ी वजह पूर्व तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल की संभावित वापसी मानी जा रही है। अगर इस्माइल की टीम में वापसी होती है तो यह महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी कमबैक स्टोरी में से एक साबित हो सकती है।

दरअसल, क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने 11 मई की सुबह वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप टीम की घोषणा के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस तय की थी, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से महज 10 मिनट पहले इसे स्थगित कर दिया गया। बोर्ड ने बयान जारी कर कहा कि कुछ आंतरिक समीक्षा के कारण स्क्वॉड की घोषणा फिलहाल टाली जा रही है और नई तारीख जल्द बताई जाएगी।

टीम का ऐलान टला

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि यह कोई बड़ा सिलेक्शन विवाद नहीं है, बल्कि छोटा आंतरिक मामला है। लेकिन इसी बीच सबसे बड़ी खबर यह सामने आई कि रिटायरमेंट ले चुकी शबनिम इस्माइल ने खुद को चयन के लिए उपलब्ध करा दिया है। साउथ अफ्रीका की पूर्व स्टार तेज गेंदबाज इस्माइल ने 2023 में घरेलू T20 वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि वह लगातार दुनियाभर की फ्रेंचाइजी लीग्स में खेलती रही हैं और अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान करती रही हैं।

12 जून से होगा T20 वर्ल्ड कप का आगाज

रिपोर्ट के अनुसार, साउथ अफ्रीका के मुख्य कोच मंडला माशिम्बी भी इस्माइल को टीम में शामिल करने के इच्छुक हैं। अगर उनकी वापसी होती है तो वह मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण को नई धार दे सकती हैं, जो काफी हद तक मैरिजेन कैप पर निर्भर माना जाता है। साउथ अफ्रीका की पूर्व कप्तान डेन वैन नीकेर्क के सिलेक्शन को लेकर भी संशय बना हुआ है।  वैन नीकेर्क ने पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की थी, लेकिन उनकी फिटनेस और फॉर्म को लेकर सवाल बने हुए हैं। ICC नियमों के मुताबिक सभी टीमों को जून की शुरुआत से पहले अपनी अंतिम स्क्वॉड सूची जमा करनी होगी। इसके बाद केवल मेडिकल कारणों या ICC की विशेष अनुमति से ही बदलाव संभव होगा। ऐसे में साउथ अफ्रीका के लिए अगले कुछ दिन बेहद अहम रहने वाले हैं। बता दें, 12 जून से T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होगा।

यह भी पढ़ें:

T20 World Cup 2026 के लिए एक और टीम का ऐलान, इंग्लैंड के लिए खेल चुकी खिलाड़ी की स्क्वॉड में एंट्री

बड़ी खबर, नेपाल का दौरा करेगी 2 बार की T20 वर्ल्ड कप विजेता टीम?

Latest Cricket News