हांगकांग सिक्सेस 2026 में चौके-छक्कों की बारिश और विकेटों की झड़ी लगाने के लिए साउथ अफ्रीका ने अपनी कमर कस ली है। 30 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए टीम ने सात खिलाड़ियों का स्क्वाड घोषित किया है। जोरिच वान शाल्कविक टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि पिछले संस्करण में बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन करने वाले तीन खिलाड़ी एक बार फिर साउथ अफ्रीका की ओर से खेलते नजर आएंगे।
हांगकांग में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के मुकाबले टिन क्वॉन्ग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड पर होंगे। साउथ अफ्रीका की 7 सदस्यीय टीम में वान शाल्कविक के अलावा स्टीव स्टोल्क, अब्दुल्ला बायौमी, अयाबुलेला ग्कामाने, अलिंडिले म्लेत्यवा, ब्लेक सिम्पसन और हीथ रिचर्ड्स शामिल हैं।
वान शाल्कविक के कंधों पर खिताब दिलाने की जिम्मेदारी
साउथ अफ्रीका ने पिछले साल की टीम के तीन खिलाड़ियों को इस बार भी मौका दिया है। कप्तान वान शाल्कविक, ब्लेक सिम्पसन और अब्दुल्ला बायौमी अपने अनुभव के दम पर टीम के अभियान में अहम भूमिका निभा सकते हैं। वान शाल्कविक ने 2025 के संस्करण में साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 122 रन बनाए थे। वहीं, बायौमी चार विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। सिम्पसन ने बल्ले और गेंद, दोनों से योगदान दिया था। ऐसे में टीम को उम्मीद होगी कि ये खिलाड़ी इस बार भी अपने पिछले प्रदर्शन को दोहरा सकेंगे।
अफगानिस्तान और ओमान से होगी टक्कर
साउथ अफ्रीका को ग्रुप डी में अफगानिस्तान और ओमान के साथ रखा गया है। नॉकआउट स्टेज में जगह बनाने के लिए टीम को ग्रुप मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। साउथ अफ्रीका ए के कोच वांडिले ग्वावु इस टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम की कोशिश होगी कि अनुभवी खिलाड़ियों के साथ नए चेहरों का तालमेल बेहतर रहे और वह शुरुआती मुकाबलों में जीत दर्ज कर खिताब की दौड़ में बनी रहे। साउथ अफ्रीका से पहले ऑस्ट्रेलिया, हांगकांग, बांग्लादेश, UAE, पाकिस्तान श्रीलंका और भारत जैसी टीमें अपने स्क्वाड का ऐलान कर चुकी हैं। भारतीय टीम की कमान भुवनेश्वर कुमार को सौंपी गई है। हांगकांग सिक्सेस 2026 में कुल 12 टीमें शिरकत करेंगी, जिन्हें 3-3 टीमों के चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है।
यह भी पढ़ें:
हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए श्रीलंका ने किया टीम का ऐलान, तीसरी बार खिताब जीतने पर नजर
लॉर्ड्स की विवादित पिच पर चला MCC का हथौड़ा, 2-3 सीजन तक नहीं होगा इस्तेमाल
Latest Cricket News