A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साउथ अफ्रीका से हारकर टीम इंडिया क्या हो जाएगी बाहर, सेमीफाइनल में जाने का ये है सिनेरियो

साउथ अफ्रीका से हारकर टीम इंडिया क्या हो जाएगी बाहर, सेमीफाइनल में जाने का ये है सिनेरियो

साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को करारा झटका दिया है। इस बीच टीम इंडिया अब सेमीफाइनल में एंट्री कैसे करेगी, ये बड़ा सवाल है। चलिए समीकरण और सिनेरियो पर नजर डालते हैं।

suryakumar yadav and jasprit bumrah- India TV Hindi
Image Source : AP सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह

साउथ अफ्रीका ने टी20 विश्व कप में सुपर 8 की पहली बाजी मार ली है। टीम इंडिया को उसने बड़ी हार दी है। इससे भारत का नेट रन रेट भी काफी गिर गया है। इस बीच पहले ही मैच में मिली हार के बाद अब सवाल उठने शुरू हो गए हैं कि क्या टीम इंडिया अब बाहर हो जाएगी या​ फिर सेमीफाइनल में जाने की कोई संभावना है। चलिए जरा समीकरणों पर नजर डालते हैं और आपको पूरा सिनेरियो बताते हैं कि भारतीय टीम को अब यहां से क्या करना होगा। 

भारत का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से, उसके बाद वेस्टइंडीज से होगा मैच

भारतीय टीम को सुपर 8 में कुल मिलाकर तीन मैच खेलने हैं। इसका पहला मुकाबला हो चुका है। अब दो मैच और बचे हुए हैं। अब भारतीय टीम जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से भिड़ेगी। भारत के लिए अपने अगले दोनों मैच जीतना अब बहुत जरूरी हो गया है। यहां से एक हार मतलब खेल खत्म हो जाएगा। भारतीय टीम अगले मुकाबले में 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से भिड़ेगी और इसके बाद वेस्टइंडीज से 1 मार्च को मुकाबला होना है। सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए भारत को ये दोनों मैच जीतने ही होंगे।

टीम इंडिया को बचे हुए दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे

टीम इंडिया अगर ये दोनों मैच जीत जाती है तो उसके चार अंक हो जाएंगे। जो सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए जरूरी हैं। हालांकि ये दो मैच जीतकर भी सेमीफाइनल की सीट पक्की नहीं होगी। इसका कारण साउथ अफ्रीका से मिली करारी हार। साउथ अफ्रीका से 76 रनों की हार की वजह से भारत का नेट रन रेट काफी गिरकर -3.800 हो गया है। जिसे काफी खराब की श्रेणी में रखा जाना चाहिए। अगर ग्रुप में साउथ अफ्रीका अपने बाकी मैच भी जीत जाती है और भारत भी अगले दो मैच जीतता है, तो भारत दूसरे नंबर पर रहकर क्वालीफाई कर सकता है।

सेमीफाइनल में जाने के लिए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से होगी टक्कर

इस बीच वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें पेंच फंसा सकती हैं। अगर वेस्टइंडीज या जिम्बाब्वे में से कोई टीम अपने दो मैच जीत लेती है उनके भी चार अंक हो जाएंगे और मामला नेट रन रेट पर फंसेगा। इसलिए ध्यान इस बात का रखना है कि भारत को न सिर्फ जीतना होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि रन रेट सुधर सके। इस मैच में हार के बाद जो डेंट लगा है, वो अगले मैच में खत्म करना होगा, यानी केवल जीत से काम नहीं बनेगा, उसे बड़ी जीत चाहिए होगी। 

साउथ अफ्रीका की जीत की दुआ करनी होगी

भारतीय टीम पहला मैच सा​उथ अफ्रीका से हार चुकी है, लेकिन अब भारत को उसी की जीत की दुआ करनी होगी। साउथ अफ्रीका के अगले मुकाबले वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलने हैं, अगर साउथ अफ्रीका उन्हें जीत लेती है तो भारत के लिए आगे की राह आसान हो सकती है। इससे होगा ये कि साउथ अफ्रीका टेबल में टॉप पर रहेगी और बाकी तीन टीमों के बीच दूसरे स्थान के लिए लड़ाई होगी। जिसमें टीम इंडिया के पास बाजी मारने का मौका रहेगा। 

यह भी पढ़ें 

टीम इंडिया की हार के एक नहीं अनेक विलेन, कौन है इसका सबसे बड़ा जिम्मेदार

ICC T20 WC 2026: सेमीफाइनल में जाने के लिए टीम इंडिया को जीतने होंगे सुपर 8 के कितने मैच, अभी से समझ लीजिए

Latest Cricket News