A
Hindi News खेल क्रिकेट पाकिस्तान की हार से श्रीलंका ने कटाया फाइनल का टिकट, जिम्बाब्वे का बंधा बोरिया-बिस्तर

पाकिस्तान की हार से श्रीलंका ने कटाया फाइनल का टिकट, जिम्बाब्वे का बंधा बोरिया-बिस्तर

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को T20I ट्राई सीरीज 2025 में पहली हार का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान को रोमांचक मैच में श्रीलंका ने 6 रनों से हराया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

PAK vs SL- India TV Hindi Image Source : AP पाकिस्तान बनाम श्रीलंका

PAK vs SL: रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में 27 नवंबर को खेले गए T20I ट्राई-सीरीज के छठे मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 6 रन से मात देकर शानदार जीत दर्ज की। श्रीलंका के कामिल मिश्रारा ने 76 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं, आखिरी ओवर में दुष्मंथा चमीरा ने दबाव में शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम की जीत पक्की की। इस जीत के साथ श्रीलंका ने 29 नवंबर को होने वाले फाइनल में जगह बना ली है, जहां उनका सामना एक बार फिर पाकिस्तान से होगा। श्रीलंका की इस जीत ने जिम्बाब्वे की टीम को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

श्रीलंका की दमदार बल्लेबाजी

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने 20 ओवर में 184/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पाथुम निशांका जल्दी आउट हुए, लेकिन मिश्रारा ने कुसल मेंडिस (40) के साथ 66 रनों की साझेदारी कर पारी संभाली। फिर चौथे विकेट के लिए जनिथ लियानागे के साथ 57 रन जोड़ श्रीलंका को मजबूती दी।

कामिल मिश्रारा ने 48 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही वे T20 क्रिकेट में 1000 रन का आंकड़ा पार कर गए। उन्होंने अब तक 55 मैचों में 1018 रन बनाए हैं। वहीं कुसल मेंडिस ने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाकर T20I में 200 चौकों का मुकाम भी हासिल किया।

पाकिस्तान की खराब शुरुआत, फिर भी रोमांचक अंत

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और 43 रन पर 4 विकेट खो दिए। हालांकि कप्तान सलमान आगा ने नाबाद 63 रन जड़कर मुकाबले को आखिरी ओवर तक पहुंचाया। सलमान आगा ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 44 गेंदों का सामना किया और 3 छक्के व 4 चौके जड़े। उस्मान खान ने 33, मोहम्मद नवाज ने 16 गेंदों में 27 और सैम अयूब ने 18 गेंदों में 27 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम 20 ओवर में 178/7 ही बना सकी। इस मैच में बाबर आजम 2 गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। यह उनका पाकिस्तान के लिए T20I में 10वां डक है, जिससे उन्होंने सैम अयूब और उमर अकमल के सबसे अधिक T20I डक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। 

चमीरा का आखिरी ओवर में चला जादू

आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 10 रनों की दरकार थी लेकिन श्रीलंका के गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा ने धैर्य दिखाते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया। चमीरा ने आखिरी ओवर में सिर्फ 3 रन खर्च किए। उन्होंने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट झटके। इस तरह वह T20I में दूसरी बार चार विकेट चटकाने में सफल हुए।

यह भी पढ़ें:

टीम का साथ छोड़कर अचानक रांची पहुंचा ये खिलाड़ी, अब विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ मचाएगा गदर!

टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली ब्लाइंड क्रिकेट टीम से मिले PM मोदी, वीडियो आया सामने

Latest Cricket News