1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के लिए श्रीलंकाई टीम का ऐलान, 25 साल के सोनल दिनुषा को बनाया कप्तान

भारत के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के लिए श्रीलंकाई टीम का ऐलान, 25 साल के सोनल दिनुषा को बनाया कप्तान

भारत के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के लिए श्रीलंकाई टीम का ऐलान हो गया है। श्रीलंका क्रिकेट ने 25 साल के सोनल दिनुषा को SLC XI टीम का कप्तान नियुक्त किया है।

SLC- India TV Hindi
Image Source : AFP श्रीलंकाई टीम

भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले दोनों टीमों की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं। सीरीज से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेलेगी। इस मुकाबले के लिए श्रीलंका क्रिकेट यानी SLC ने अपनी 15 सदस्यीय SLC XI टीम की घोषणा कर दी है, जिसकी कमान युवा ऑलराउंडर सोनल दिनुषा को सौंपी गई है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए यह दौरे का एकमात्र वॉर्म-अप मैच होगा। इस मुकाबले के जरिए खिलाड़ी श्रीलंका की स्पिन मददगार परिस्थितियों के अनुरूप खुद को तैयार करने की कोशिश करेंगे। मैच स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा।

टेस्ट टीम में जगह बनाने की जंग

SLC XI में ऐसे कई खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जो श्रीलंका की टेस्ट टीम में जगह बनाने के प्रबल दावेदार हैं। कप्तान सोनल दिनुषा के अलावा तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा और विश्वा फर्नांडो, ऑफ स्पिनर रमेश मेंडिस, बल्लेबाज निशान मदुष्का, पवन रत्नायके और विकेटकीपर अंजला बंडारा जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं। इसके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा और तेज गेंदबाज केसरा नुवांथा पर भी सभी की नजरें रहेंगी। दिलुम सुदीरा ने पहले भारत-ए के खिलाफ एक मैच में 10 विकेट लेकर प्रभावित किया था।

दिनुषा के पास खुद को साबित करने का मौका

सोनल दिनुषा ने पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और अब तक तीन टेस्ट खेल चुके हैं। बता दें, श्रीलंका के कई नियमित खिलाड़ी इस समय लंका प्रीमियर लीग में व्यस्त हैं। ऐसे में यह वॉर्म-अप मैच सिलेक्टर्स के सामने अपनी दावेदारी मजबूत करने का बेहतरीन अवसर होगा। इसी प्रदर्शन के आधार पर टेस्ट सीरीज के लिए अंतिम टीम का सिलेक्शन किया जाएगा।

भारतीय टीम के लिए भी अहम होगी परीक्षा

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए भी यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा IPL 2026 के बाद पहली बार किसी प्रतिस्पर्धी मुकाबले में उतर सकते हैं। वहीं पहली बार टेस्ट टीम में चुने गए सारांश जैन और आकिब नबी को भी खुद को साबित करने का मौका मिलने की उम्मीद है। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। ऐसे में यह वॉर्म-अप मुकाबला दोनों टीमों के लिए अपनी रणनीति और कॉम्बिनेशन को अंतिम रूप देने का बेहतरीन मौका होगा।

SLC XI टीम: निशान मदुष्का, रविंदु रशंता, पसिंदु सोरियाबंदरा, पवन रथनायके, अहान विक्रमसिंघे, सोनल दिनुशा (कप्तान), अंजला बंडारा (विकेटकीपर), निपुण धनंजय, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, असंका मनोज, इसिथा विजेसुंदरा, रमेश मेंडिस, केसरा नुवंता और दिलम सुदीरा

यह भी पढ़ें:

Latest Cricket News