1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 13 इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया जाएगी न्यूजीलैंड-ए टीम, पहली बार खेलेगी टॉप एंड T20 सीरीज

13 इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया जाएगी न्यूजीलैंड-ए टीम, पहली बार खेलेगी टॉप एंड T20 सीरीज

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 06, 2026 10:11 am IST,  Updated : Aug 06, 2026 10:11 am IST

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 13 इंटरनेशनल खिलाड़ियों से सजी न्यूजीलैंड-ए टीम की घोषणा की है। टीम 20 से 30 अगस्त तक डार्विन में पहली बार टॉप एंड T20 सीरीज में हिस्सा लेगी।

New Zealand A- India TV Hindi
Kristian Clarke Image Source : AP

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने उभरते सितारों को इंटरनेशनल लेवल का अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने 13 इंटरनेशनल खिलाड़ी वाले मजबूत न्यूजीलैंड-ए स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है, जो इस महीने ऑस्ट्रेलिया के नॉर्दर्न टेरिटरीज का दौरा करेगा। इस दौरे की सबसे खास बात यह है कि न्यूजीलैंड-ए टीम पहली बार प्रतिष्ठित टॉप एंड T20 सीरीज में हिस्सा लेगी, जहां उसे कई मजबूत घरेलू और इंटरनेशनल टीमों के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा।

9 टीमें करेंगी शिरकत

20 से 30 अगस्त के बीच डार्विन में आयोजित होने वाली इस T20 प्रतियोगिता में कुल 9 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें पहले 6 लीग मुकाबले खेलेंगी, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे। साल 2022 में शुरू हुई इस प्रतियोगिता को दुनिया भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच तैयार करने वाले टूर्नामेंट के रूप में देखा जाता है। इसमें नेशनल टीमों, हाई-परफॉर्मेंस स्क्वॉड और T20 फ्रेंचाइजी टीमों को खेलने का अवसर मिलता है।

T20 टूर्नामेंट के बाद न्यूजीलैंड-ए की 50 ओवर टीम साउथ ऑस्ट्रेलिया, तस्मानिया और नेपाल के खिलाफ तीन मुकाबले खेलेगी। इस दौरे का उद्देश्य खिलाड़ियों को सीमित ओवरों के दोनों प्रारूपों में अधिक अनुभव दिलाना है। घोषित टीम में 13 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो पहले न्यूजीलैंड की सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनमें क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, जेडन लेनॉक्स और बेन लिस्टर जैसे नाम शामिल हैं। ये सभी हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ न्यूजीलैंड की ODI सीरीज जीत का हिस्सा रहे थे।

स्पिन विभाग की जिम्मेदारी शानदार फॉर्म में चल रहे जेडन लेनॉक्स और लेग स्पिनर आदि अशोक संभालेंगे। लेनॉक्स ने वेस्टइंडीज दौरे पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता था और अपने करियर का पहला ODI 5 विकेट हॉल  भी लिया था। तेज गेंदबाजी यूनिट में क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, बेन लिस्टर, जैक गिब्सन के अलावा ऑलराउंडर मुहम्मद अब्बास और जोश क्लार्कसन शामिल हैं।

टिम और क्लार्क पर ओपनिंग का जिम्मा

बल्लेबाजी में टिम रॉबिन्सन और कटेने क्लार्क पर अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। टिम रॉबिन्सन ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I मुकाबले में सिर्फ 66 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं मिडिल ऑर्डर में बेवोन जैकब्स, मैट बॉयल, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, अब्बास और क्लार्कसन जैसे आक्रामक बल्लेबाज टीम को मजबूती देंगे।

न्यूजीलैंड-ए टीम 16 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगी और 22 अगस्त को एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह दौरा न्यूजीलैंड के उन खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर माना जा रहा है, जो भविष्य में न्यूजीलैंड की नियमित टीम में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हैं।

न्यूजीलैंड A टीम: मुहम्मद अब्बास, आदि अशोक, मैट बॉयल, मैक्स चू, कटेने क्लार्क, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैक गिब्सन, मिच हे, बेवोन जैकब्स, जेडन लेनॉक्स, बेन लिस्टर, रीस मारियू, टिम रॉबिन्सन।

यह भी पढ़ें:

ODI वर्ल्ड कप 2027 से दूर हो सकती है वेस्टइंडीज की टीम, सीधे क्वालिफाई करने की राह बेहद मुश्किल

भारतीय टेस्ट टीम की मौजूदा हालत पर अजिंक्य रहाणे ने जताई चिंता, कहा- सीनियर खिलाड़ी बहुत जरूरी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल