1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2027 के क्वालिफायर में सीधी मारी एंट्री, होस्ट के सामने खड़ी हो गई नई मुसीबत

ODI World Cup 2027 के क्वालिफायर में सीधी मारी एंट्री, होस्ट के सामने खड़ी हो गई नई मुसीबत

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Nov 05, 2026 07:11 am IST,  Updated : Nov 05, 2026 07:11 am IST

वनडे विश्व कप 2027 के क्वालीफायर के लिए ओमान ने अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम ने अपने आखिरी मैच में यूएसए को हरा दिया है। नामीबिया की टीम बाहर रह गई है, हालांकि उसे अभी प्लेऑफ खेलने का मौका मिलेगा।

oman cricket team- India TV Hindi
ओमान क्रिकेट टीम Image Source : PTI

वनडे विश्व कप 2027 अब बहुत ज्यादा दूर नहीं है। आईसीसी ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि अगले साल का विश्व कप अक्टूबर से लेकर नवंबर तक खेला जाएगा। इस बीच एक और टीम ने क्वालीफायर के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। ये है ओमान। हालांकि टीम विश्व कप के मैच खेल पाएगी कि नहीं, ये अभी पक्का नहीं है। इस बीच होस्ट कंट्री नामीबिया की बात की जाए तो उसके लिए मुश्किल बढ़ गई है, लेकिन वो अभी पूरी तरह रेस से बाहर नहीं हुई है। 

ओमान ने अपने आखिरी लीग मैच में यूएसए को हराया, नामीबिया मामूली अंतर से रह गई पीछे

ओमान ने आईसीसी मेंस क्रिकेट विश्व कप 2027 के क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है। लीग 2 में टीम ने अंक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया और इसके साथ ही उसकी एंट्री पक्की हो गई। मजे की बात ये है कि नामीबिया और ओमान के अंक बराबर हैं, लेकिन नेट रन रेट में मामूली की बढ़त के कारण टीम आगे निकल गई और नामीबिया को बाहर होना पड़ा है। ओमान ने अपना आखिरी लीग मैच जीत लिया है। टीम ने जैसे ही यूएसए के खिलाफ 103 रन बनाए, टीम नामी​बिया से आगे निकलने में कामयाब हो गई। 

यूएसए, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड्स और ओमान की टीमें आगे निकलीं

अब अगर क्वालीफायर में पहुंचने वाली टीमों की बात करें तो लीग 2 में यूएसए पहले नंबर पर रहते हुए वहां पहुंची है। इसके बाद स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स की भी जगह तय हो चुकी है। चौथी टीम के रूप में ओमान की जगह तय हो चुकी है। अगले साल का विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। लेकिन नामीबिया की टीम अभी भी बाहर ही है। हालांकि उसके लिए रास्ते अभी बंद नहीं हुए हैं। 

अभी विश्व कप के मुख्य मुकाबलों के लिए काफी कुछ होना बाकी

इस बीच नामीबिया की टीम लीग 2 में नंबर 5 पर रही है, इसलिए उसे प्लेऑफ खेलना होगा। नामीबिया के अलावा नेपाल, यूएई और कनाडा को भी प्लेऑफ खेलना होगा। इन चार के अलावा जर्सी, कुवैत, इटली और यूगांडा की टीमें भी प्लेऑफ खेलेंगी। इस प्लेऑफ से चार टीमें आगे जाएंगी, जो अंक तालिका में टॉप पर रहेंगी। इसके बाद क्वालीफायर राउंड होगा। यानी ओमान की टीम विश्व कप के मुकाबले खेलेगी कि नहीं, ये अभी तय नहीं है।  वहीं नामीबिया की टीम की भी संभावना है। आने वाले दिनों में कुछ और मुकाबले होंगे, उसके बाद ही तय होगा कि आखिर वो टीमें कौन सी हैं, जो विश्व कप के मुख्य मुकाबले खेलती हुई नजर आएंगी। 

यह भी पढ़ें 

विराट कोहली ने की रिकी पोंटिंग की बराबरी, न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में इतिहास रचने का मौका

WPL 2027 के शेड्यूल का ऐलान, 14 जनवरी से होगा आगाज, 2 वेन्यू पर खेले जाएंगे कुल 22 मैच

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।