1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 7.5 ओवर में ही हासिल किया टारगेट, एशिया कप में श्रीलंका महिला टीम की रिकॉर्ड तोड़ जीत

7.5 ओवर में ही हासिल किया टारगेट, एशिया कप में श्रीलंका महिला टीम की रिकॉर्ड तोड़ जीत

श्रीलंका ने वुमेंस एशिया कप 2026 के अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। उन्होंने इस मैच में यूएई महिला टीम को 9 विकेट से हराकर टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज की।

Sri Lanka Womens Team- India TV Hindi
Image Source : AP श्रीलंका महिला टीम

वुमेंस एशिया कप 2026 का दूसरा मुकाबला श्रीलंका और यूएई के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में श्रीलंका ने यूएई को 9 विकेट से हराकर अपने T20I इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई की टीम 19.5 ओवर में 79 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में श्रीलंका महिला टीम ने इस टारगेट को 7.5 ओवर में 9 विकेट और 73 गेंद रहते हासिल कर लिया। बची हुई गेंदों के हिसाब से देखें, तो यह T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में श्रीलंका की अब तक की सबसे बड़ी और धमाकेदार जीत है।

यूएई के बल्लेबाजों ने किया निराश

यूएई की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी, लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही। मैच की चौथी ही गेंद पर बिना कोई खाता खोले तीर्था सतीश आउट हो गईं और टीम का स्कोर जब 9 रन पहुंचा, तब लावण्या केनी (3 रन) भी अपना विकेट गंवा बैठीं। इसके बाद कप्तान ईशा ओझा (18 रन) और हीना होचचंदानी (10 रन) ने मिलकर संभलकर खेलते हुए तीसरे विकेट के लिए 19 रन जोड़े। इसके बाद रिनिथा रजित (15 रन) ने समायरा और मेहुल कुलकर्णी (3 रन) के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां करके टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचाया। हालांकि, इन कोशिशों के बावजूद पूरी यूएई टीम 19.5 ओवर में केवल 79 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में मिताली अयोध्या ने 3.5 ओवरों में 14 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि चेतना विमुक्ति ने 4 ओवरों में 16 रन देकर 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, सुगंधिका कुमारी ने 2 विकेट हासिल किया। चेतना विमुक्ति को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

इमेशा दुलानी और चमारी अट्टापट्टू की जोड़ी ने श्रीलंका को दिलाई शानदार शुरुआत

टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका महिला टीम को इमेशा दुलानी और चमारी अट्टापट्टू की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 57 रन जोड़े। इमेशा दुलानी 18 बॉल पर 5 चौके की मदद से 25 रन बनाकर रनआउट हो गई। कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 25 बॉल पर 7 चौके और दो छक्के की मदद से 48 रन बनाए। संजना कविंदी ने 4 गेंदों में 5 रन बनाए। ये दोनों खिलाड़ी अंत तक नाबाद रही। उन्होंने 7.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 80 रन के टारगेट को हासिल कर लिया। वुमेंस एशिया कप 2026 में 30 अगस्त को भारत अपने अभियान का आगाज थाईलैंड के खिलाफ मैच के साथ करेगा।

यह भी पढ़ें

कप्तानी से हटाए जाने के बाद सूर्यकुमार यादव का छलका दर्द, बोले- डेढ़ महीने सोचता रहा ऐसा कैसे हो सकता है?

टीम इंडिया के हेड कोच ने हैंडशेक के सवाल पर दिया करारा जवाब, कहा - जब पाकिस्तान से मैच होगा तब इस पर बात की जाएगी

Latest Cricket News