अबरार अहमद को लेकर सुनील गावस्कर ने सनराइजर्स फ्रैंचाइजी को किया आगाह
IPL 2026 शुरू होने से पहले ही एक बड़ा विवाद सामने आ गया। पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को इंग्लैंड की लीग द हंड्रेड में सनराइजर्स की टीम द्वारा साइन किए जाने के बाद भारतीय क्रिकेट जगत में बहस तेज हो गई है।
IPL 2026 का 28 मार्च से आगाज होना है, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन अभी से चर्चा में हैं। हाल ही में हुए द हंड्रेड के ऑक्शन में काव्या मारन की टीम सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल किया था। इस डील के बाद भारतीय फैंस खासा नाराज हो गए थे और सोशल मीडिया पर काव्या मारन और उनकी IPL फ्रैंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रोल करने लगे थे। अब इस विवाद पर दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का बड़ा बयान सामने आया है। गावस्कर ने अबरार अहमद को लेकर सनराइजर्स फ्रैंचाइजी के मालिकों को आगाह किया है।
अबरार को 1.90 लाख पाउंड में खरीदा
सुनील गावस्कर ने अपने कॉलम में लिखा कि 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद से भारतीय फ्रैंचाइजी आमतौर पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों से दूरी बनाए रखती हैं। उनका कहना था कि जब किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को भुगतान किया जाता है और वह अपने देश में टैक्स देता है, तो वह पैसा अप्रत्यक्ष रूप से उन गतिविधियों में जा सकता है जो भारतीय नागरिकों और सैनिकों के लिए खतरा बनती हैं। गावस्कर ने यह भी कहा कि चाहे भुगतान किसी विदेशी लीग के जरिए हो, लेकिन अगर मालिक भारतीय है तो यह फैसला संवेदनशील माना जाएगा। दरअसल, सनराइजर्स लीड्स ने हाल ही में द हंड्रेड के ऑक्शन में अबरार अहमद को 1.90 लाख पाउंड में खरीदा। इस टीम की मालिकाना कंपनी की प्रमुख काव्या मारन हैं, जो सनराइजर्स हैदराबाद की भी मालकिन हैं।
टीम को झेलना पड़ सकता है विरोध
पूर्व भारतीय कप्तान ने टीम के कोच डेनियल विटोरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के विटोरी शायद इस पूरे राजनीतिक और भावनात्मक संदर्भ को पूरी तरह न समझ पाएं, लेकिन फ्रैंचाइजी मालिकों को स्थिति की गंभीरता समझनी चाहिए थी और इस खरीद को रोकना चाहिए था। सुनील गावस्कर ने यह भी चेतावनी दी कि इस फैसले के कारण SRH टीम को भारतीय फैंस के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हर मैच में प्रदर्शन और विरोध देखने को मिल सकता है और यह भी संभव है कि फैंस टीम के मैचों से दूरी बना लें। उन्होंने अंत में कहा कि अभी भी वक्त है कि इस फैसले को पलटा जाए और सही निर्णय लिया जाए।
यह भी पढ़ें
आखिरी ओवर में हुआ जमकर ड्रामा, बांग्लादेश के इस हरकत से नाराज हुआ पाकिस्तान, मैच के बाद की शिकायत
