'इस आदमी के लिए बहुत खुश हूं', T20 WC जीतने के बाद सूर्यकुमार की 12 साल पुरानी फोटो वायरल
T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर सूर्यकुमार यादव ने इतिहास रच दिया। सूर्या ICC ट्रॉफी जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन गए।
Suryakumar Yadav Viral Photo: T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद से भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ हो रही है। इस बीच सूर्यकुमार यादव की एक पुरानी फोटो बहुत तेजी से वायरल हो रही है। दरअसल, सूर्यकुमार ने अपनी पुरानी फोटो पर कमेंट किया, जो अब फैंस के लिए कौतुहल का विषय बन गया है। वैसे तो उन्होंने वायरल फोटो साल 2014 में पोस्ट किया था। हालांकि, तब लोगों ने उस फोटो को नजरअंदाज कर दिया था, क्योंकि सूर्या तब तक उतना बड़ा नाम नहीं बने थे। लेकिन अब भारत के T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद सूर्या का 12 साल पुराना ये फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
खुद के फोटो पर किया मजेदार कमेंट
दरअसल, भारत के T20I कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम को तीसरा T20 वर्ल्ड कप खिताब जिताकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीन बार T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारतीय टीम के चैंपियन बनने के साथ ही कप्तान सूर्यकुमार यादव का 12 साल पुराना पोस्ट अचानक वायरल हो गया। सूर्या ने जनवरी 2014 में एक फोटो पोस्ट किया था, जिसका कैप्शन था- दोस्त के पेट्रोल पंप का उद्घाटन.... उसके लिए बहुत खुश हूं....।
टीम इंडिया के चैंपियन बनने से पहले तक ये पोस्ट गुमनाम था, लेकिन जैसे ही टीम इंडिया की जीत पक्की हुई, तो कई फैंस ने इस पोस्ट को चर्चा में ला दिया। इसके कुछ देर बाद सूर्या ने अपने इस पुराने फोटो पर कमेंट करते हुए पोस्ट को और वायरल कर दिया। सूर्यकुमार ने T20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ अपनी फोटो पोस्ट की और लिखा- आज इस व्यक्ति के लिए बहुत खुश हूं। अब सूर्या की इस पोस्ट पर फैंस जमकर लाइक और कमेंट्स कर रहे हैं।
सूर्यकुमार बने चौथे भारतीय कप्तान
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव ICC ट्रॉफी जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान हैं। इससे पहले कपिल देव (1983 ODI WC), सौरव गांगुली (2000 CT), महेंद्र सिंह धोनी (2007 T20 WC, 2011 WC, CT 2013) और रोहित शर्मा (2024 T20 WC और 2025 CT) ने ICC ट्रॉफी जीती थी। सूर्या उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शुमार हैं, जिनके नाम 100 से ज्यादा T20I मैच खेलने का कारनामा दर्ज है। सूर्या ने 113 T20I मैचों में 3272 रन बनाए हैं। वह 4 शतक T20I में जड़ चुके हैं।
यह भी पढ़ें
वेस्टइंडीज दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियन टीम का ऐलान, कप्तान की स्क्वाड में हुई वापसी
कीवी टीम का ऐलान, स्टार खिलाड़ियों की स्क्वॉड में वापसी, 15 मार्च से खेली जाएगी सीरीज
