1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशेज 2027 पर सस्पेंस! स्टीव स्मिथ ने दिए संन्यास के संकेत, बोले- पता नहीं तब तक रहूंगा या नहीं

एशेज 2027 पर सस्पेंस! स्टीव स्मिथ ने दिए संन्यास के संकेत, बोले- पता नहीं तब तक रहूंगा या नहीं

स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया को 2025-26 एशेज में 4-1 से शानदार जीत दिलाई, लेकिन 2027 की एशेज सीरीज में उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि उन्होंने अभी संन्यास का ऐलान नहीं किया है।

Steve Smith- India TV Hindi
Image Source : AP स्टीव स्मिथ

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड में होने वाली 2027 की एशेज सीरीज में खेलने को लेकर सस्पेंस बना दिया है। उनका कहना है कि वे अपने क्रिकेट करियर के बारे में बहुत लंबा सोचने के बजाय बस एक-एक सीरीज पर ध्यान दे रहे हैं। हालांकि उनका एक बड़ा सपना 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक में हिस्सा लेना है। फिलहाल 37 साल के स्मिथ नीदरलैंड्स की टी20 लीग (ETPL) में एम्स्टर्डम फ्लेम्स टीम से खेल रहे हैं। 125 टेस्ट मैचों में 37 शतक जड़ने वाले स्मिथ इस समय दुनिया के दूसरे नंबर के टेस्ट बल्लेबाज हैं।

एशेज सीरीज 2027 को लेकर स्टीव स्मिथ ने क्या कहा?

स्टीव स्मिथ ने द टेलीग्राफ से बात करते हुए कहा कि वे अभी 2027 की एशेज सीरीज के बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकते कि वे तब तक खेलेंगे या नहीं। वे फिलहाल दूर की सोचने के बजाय सिर्फ एक-एक सीरीज पर अपना ध्यान दे रहे हैं। स्मिथ ने बताया कि इस समय उनका मुख्य ध्यान 2028 के ओलंपिक में हिस्सा लेने पर है। यही वजह है कि वे एम्स्टर्डम टीम के साथ जुड़कर ज्यादा से ज्यादा टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं, ताकि वे इस फॉर्मेट में लगातार एक्टिव रह सकें।

फिलहाल टी20 लीग खेलने पर ध्यान देंगे स्टीव स्मिथ

स्टीव स्मिथ कब संन्यास लेंगे इसको लेकर उन्होंने कुछ भी साफ तौर पर नहीं कहा है, लेकिन उनका कहना है कि आने वाले समय में वे मुख्य रूप से टी20 लीग खेलने पर ध्यान देंगे। स्मिथ का मानना है कि वे अभी कुछ समय और टी20 क्रिकेट खेल सकते हैं। उन्होंने माना कि पिछले 15 सालों का उनका सफर बेहद शानदार रहा है और उन्होंने खेल में बहुत कुछ हासिल किया है। वे अभी भी इस सफर का मजा ले रहे हैं, इसलिए संन्यास की कोई जल्दबाजी नहीं है वे सही समय का इंतजार करेंगे।

साउथ अफ्रीका दौरे पर जाएगी ऑस्ट्रेलिया की टीम

ऑस्ट्रेलियाई टीम अक्टूबर में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने साउथ अफ्रीका जाएगी। 2018 के बॉल-टेम्परिंग विवाद के बाद, यह साउथ अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया का पहला टेस्ट दौरा होगा। स्मिथ का कहना है कि उनके लिए यह सामान्य सीरीज की तरह ही है। पुरानी बात को काफी वक्त हो चुका है और वे इसके बाद वनडे मैच खेलने वहां जा चुके हैं। स्मिथ के मुताबिक, साउथ अफ्रीका एक बेहतरीन टीम है, जिसने उन्हें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हराया था। उनके पास मजबूत तेज गेंदबाज हैं, इसलिए यह मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है।

यह भी पढ़ें

अभिषेक शर्मा ने कर ली रोहित शर्मा की बराबरी, पहले ओवर में एक छक्का और बन जाएगा रिकॉर्ड

IND vs AFG T20I सीरीज के बीच टीम इंडिया को झटका, स्टार खिलाड़ी हो गया इंजर्ड

Latest Cricket News