A
Hindi News खेल क्रिकेट T20 WC 2026 Points Table: टीम इंडिया टेबल टॉपर, पाकिस्तान को पहले ही दिन पछाड़ा

T20 WC 2026 Points Table: टीम इंडिया टेबल टॉपर, पाकिस्तान को पहले ही दिन पछाड़ा

T20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मुकाबला भारतीय क्रिकेट टीम ने जीत लिया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने यूएसए को हराकर ना केवल दो अंक हासिल किए, बल्कि पाकिस्तान को भी पीछे छोड़ दिया है।

suryakumar yadav and team india- India TV Hindi Image Source : AFP सूर्यकुमार यादव के साथ टीम इंडिया

T20 वर्ल्ड कप 2026 का टीम इंडिया ने जीत के साथ आगाज किया है। मुंबई के वानखेड़े स्टे​डियम में खेले गए मैच में भारत ने यूएसए को 29 रनों से हरा दिया है। हालांकि एक वक्त जब भारत की बल्लेबाजी शुरू हुई और जल्दी जल्दी विकेट गिर गए तो टीम इंडिया ​थोड़ी संकट में दिखाई दी, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार पारी से टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम को दो अंक मिल गए हैं और पाकिस्तान को पछाड़कर भारत पहले नंबर पर पहुंच गया है। 

पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को हराया, लेकिन मिली करीबी जीत

टी20 विश्व कप के आगाज के साथ ही इसकी अंक तालिका में भी हलचल शुरू हो गई है। पहले दिन पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेला गया। इस मैच में एक वक्त पाकिस्तानी टीम हारते हुए नजर आ रही थी, लेकिन नीदरलैंड्स की गलती के कारण पाकिस्तानी टीम ने आखिरी मैच अपने नाम कर ही लिया। इससे पाकिस्तान को दो अंक तो मिले, लेकिन जीत बड़ी नहीं थी, इसलिए उसे नेट रनरेट का ज्यादा फायदा नहीं मिला। 

पहले ही दिन अंक तालिका में भारत ने पाकिस्तान को पछाड़ा

पाकिस्तान ने एक मैच खेलकर उसे जीता है तो उसके पास दो अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट की बात की जाए तो ये प्लस 0.240 का है। वहीं बात अगर भारत की करें तो भारतीय टीम को दो अंक मिले हैं और उसका नेट रन रेट प्लस में 1.450 का है, जो पाकिस्तान से काफी ज्यादा है। वैसे तो अभी ज्यादा असर नहीं दिखाई देगा, लेकिन जब लीग चरण समाप्त होने के बाद टीमें अगले राउंड में जाएंगी और अगर दो टीमों के समान अंक रहे तो आगे जाने वाली टीम का फैसला नेट रन रेट से ही होता है। भारत की जीत 29 रन की थी, ​इसलिए उसे इसका फायदा मिला है। 

वेस्टइंडीज ने भी स्कॉटलैंड को हराकर जीत के साथ किया आगाज

भारत और पाकिस्तान के अलावा एक मैच ग्रुप सी का भी खेला गया। इसमें वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड की टीमें आमने सामने थीं। इस मैच को वेस्टइंडीज ने अपने नाम कर लिया, इसलिए उसके भी दो अंक हो गए हैं। यानी पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज का खाता खुल गया है। यूएसए, नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड भी एक एक मैच खेल चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी अपनी पहली जीत का इंतजार है। 

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दूसरे दिन का शेड्यूल

आईसीसी टूर्नामेंट के दूसरे दिन तीन और मैच खेले जाएंगे, इसमें न्यूजीलैंड का सामना अफगानिस्तान से होगा, ये मैच सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इंग्लैंड की टीम नेपाल के सामने होगी। ये मुकाबला दोपहर तीन बजे से खेला जाएगा। इसके बाद तीसरे मैच में श्रीलंका और आयरलैंड की टीमें आमने सामने होंगी। भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ खेलती हुई नजर आएगी। पाकिस्तान का अगला मैच 10 फरवरी को है, जब टीम यूएसए से भिड़ेगी। 

यह भी पढ़ें 

IND vs USA Live Cricket Score Updates: भारत ने USA को 29 रन से हराया, सूर्या की बैटिंग के बाद गेंदबाजों का जलवा

T20 World Cup 2026: दूसरे दिन खेले जाएंगे 3 मुकाबले, सुबह 11 बजे से रात तक चलेगा क्रिकेट का रोमांच

Latest Cricket News