1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तमिलनाडु ने रणजी ट्रॉफी के लिए कसी कमर, साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर प्रिलिमनरी स्क्वाड में शामिल

तमिलनाडु ने रणजी ट्रॉफी के लिए कसी कमर, साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर प्रिलिमनरी स्क्वाड में शामिल

तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन यानी TNCA ने रणजी ट्रॉफी के लिए 30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें साई सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर का नाम भी शामिल है।

TNCA- India TV Hindi
Image Source : AFP साई सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर

घरेलू क्रिकेट का सबसे बड़ा रेड-बॉल टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी शुरू होने में अभी वक्त है, लेकिन तमिलनाडु अपनी तैयारियों में जुट गया है। तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन  ने 25 अगस्त को 2026-27 रणजी ट्रॉफी के लिए 30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी। इसमें भारतीय टीम के प्रमुख खिलाड़ी साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर के नाम भी शामिल हैं।

रणजी ट्रॉफी का नया सीजन अक्टूबर में शुरू होना है। तमिलनाडु को एलीट ग्रुप डी में रखा गया है और टीम अपने अभियान की शुरुआत राजस्थान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। टीम के विस्तारित दल में इंटरनेशनल स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों के अलावा कई अनुभवी घरेलू क्रिकेटर भी शामिल हैं।

सुदर्शन और सुंदर स्क्वाड में शामिल

नारायण जगदीशन को भी टीम में जगह मिली है, जो पिछले कुछ समय से भारतीय टीम में चयन की दावेदारी पेश करते रहे हैं। इसके अलावा आर साई किशोर और बाबा इंद्रजीत जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी संभावितों की सूची में शामिल किया गया है। पिछले कुछ घरेलू सत्रों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली तमिलनाडु की टीम के लिए सुदर्शन और वॉशिंगटन का शामिल होना बड़ा सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों का रणजी मैचों में खेलना इंटरनेशनल शेड्यूल और फिटनेस पर निर्भर करेगा। फिलहाल दोनों चोट से उबर रहे हैं और इसी वजह से श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे। साई सुदर्शन पैर के अंगूठे में स्ट्रेस इंजरी से जूझ रहे हैं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की समस्या से उबर रहे हैं।

11 अक्टूबर से अभियान का आगाज

तमिलनाडु रणजी ट्रॉफी में सात लीग मुकाबले खेलेगा। टीम 11 से 14 अक्टूबर के बीच राजस्थान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 18 से 21 अक्टूबर तक उत्तराखंड, 26 से 29 अक्टूबर तक रेलवे और 2 से 5 नवंबर तक चंडीगढ़ से मुकाबला होगा।

रणजी ट्रॉफी के लिए तमिलनाडु की 30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट: नारायण जगदीशन, साई सुदर्शन, विमल कुमार आर, सचिन बी, तुषार राहेजा, प्रदोष रंजन पॉल, बाबा इंद्रजीत, आंद्रे सिद्धार्थ सी, अजितेश जी, आदित्य वरदराजन, मितुल राज एम, मुकेश यू, राधाकृष्णन एस, वॉशिंगटन सुंदर, निधीश एस राजगोपाल, सोनू यादव आर, मानव परख, गुरजपनीत सिंह, सरवणा कुमार पी, प्रणव राघवेंद्र आरडी, गोविंद जी, त्रिलोक नाग एच, एसक्किमुथु ए, दीपेश डी, आर. रविश्रीनिवासन साई किशोर, विद्युत पी, अजित राम एस, आदित्य बी, हेमचुदेशन जे और श्रीनिवासन आर।

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी ​बैटिंग में फ्लॉप, बॉलिंग में हिट, 4 बॉल में 2 विकेट झटक बरपाया कहर

ऋषभ पंत क्यों नहीं खेल रहे हैं आज का मैच, कौन कर रहा है उनकी जगह कीपिंग

Latest Cricket News