शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया अब गॉल से सीधे कोलंबो पहुंच चुकी है। दो मैचों की सीरीज का पहला मैच भारतीय टीम जीत चुकी है और अब दूसरे मुकाबले की बारी है। इस बीच खास बात ये रही कि टीम जब कोलंबो पहुंची तो सभी खिलाड़ी इंडिया हाउस भी पहुंचे, जहां उनका जबरदस्त स्वागत किया गया। अगला मैच 23 अगस्त से शुरू होगा, जिसकी तैयारी भी अब होगी।
टीम इंडिया कोलंबो में इंडिया हाउस पहुंची, भारत के हाई कमिश्नर ने किया स्वागत
भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त श्रीलंका के दौरे पर है। सीरीज का पहला मैच गॉल में खेला गया था, जिसमें जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज में लीड बना ली है। अब दूसरा मैच 23 अगस्त से कोलंबो में होगा। इस बीच भारतीय टीम गिल की कप्तानी में गुरुवार शाम को कोलंबो पहुंची। यहां टीम ने एक यादगार शाम गुजारी। श्रीलंका में भारत के हाई कमिश्नर संतोष झा ने सभी प्लेयर्स को इंडिया हाउस बुलाया और वहां पर उनका जबरदस्त स्वागत भी किया गया। इसके कुछ फोटो बीसीसीआई की ओर से सोशल मीडिया पर भी शेयर किए गए हैं। इस दौरान खिलाड़ियों ने संतोष झा के साथ तस्वीर ली, साथ ही कप्तान शुभमन गिल ने एक भाषण भी दिया है।
सीरीज का पहला मैच जीतकर टीम इंडिया का पीसीटी बढ़ा, रैंकिंग में नहीं हुआ सुधार
अब दूसरे टेस्ट में ज्यादा वक्त नहीं है, लिहाजा टीम तैयारी भी शुरू करने वाली है। दूसरा मैच रविवार से शुरू हो जाएगा। टीम ने पहला मैच जीतकर 1.0 की लीड बना ली है, लेकिन भारत की कोशिश होगी कि अगला मैच जीतकर श्रीलंका का पूरी तरह से सफाया किया जाए। भारतीय टीम ने पहला मैच जीतकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अपना पीसीटी तो बढ़ा लिया है, लेकिन उसे रैंकिंग का कोई फायदा नहीं हुआ है। टीम अंक तालिका में पहले भी पांचवे नंबर पर थी और अभी भी वहीं पर है। टीम चाहेगी कि अगला मैच जीतकर पीसीटी के साथ साथ अपनी रैंकिंग भी बढ़ाई जाए।
भारतीय टीम दूसरे मैच में भी पड़ सकती है भारी
टीम इंडिया ने सीरीज के पहले मैच में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे अगले मैच में भी भारत का ही पलड़ा भारी रहने की संभावना है। हालांकि कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल अभी तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। इस बीच अच्छी बात ये है कि देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और गेंदबाजी में मानव सुथार कमाल की गेंदबाजी कर रहे हैं। देखना होगा कि अगले मैच में टीम किस तरह का प्रदर्शन करती है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी।
यह भी पढ़ें
रूट बनाम तेंदुलकर, अब सचिन के किन रिकॉर्ड के पीछे पड़ा है इंग्लैंड का बल्लेबाज
पाकिस्तान का सबसे बड़ा दुश्मन है दुनिया का नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज, अब तक लगा चुका है चार सेंचुरी और दो अर्धशतक
Latest Cricket News