Harmanpreet Kaur Video: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए 25 मई का दिन बेहद खास रहा। देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित होने के बाद उन्हें दुनियाभर से बधाइयां मिलीं, लेकिन सबसे खास जश्न इंग्लैंड के चेल्म्सफोर्ड में देखने को मिला, जहां भारतीय महिला टीम ने ड्रेसिंग रूम में अपनी कप्तान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। इस दौरान उपकप्तान स्मृति मंधाना की खुशी देखने लायक थी। ICC वूमेन्स T20 कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम ने अपने व्यस्त शेड्यूल के बीच राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह को लाइव देखा। जैसे ही हरमनप्रीत कौर का नाम पुकारा गया, ड्रेसिंग रूम तालियों और खुशी के नारों से गूंज उठा।
स्मृति मंधाना ने किया वीडियो कॉल
हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री मिलने के बाद स्मृति मंधाना बेहद भावुक नजर आईं। समारोह समाप्त होते ही उन्होंने कप्तान को वीडियो कॉल कर बधाई दी। भारतीय टीम की खिलाड़ियों ने भी इस खास पल को एक साथ मनाया। BCCI द्वारा शेयर किए गए वीडियो में चेल्म्सफोर्ड में मौजूद पूरी टीम को जश्न मनाते हुए देखा जा सकता है। वहीं हरमनप्रीत वीडियो कॉल के जरिए टीम के साथ जुड़ीं। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया- एक के लिए सभी और सभी के लिए एक। चेल्म्सफोर्ड में टीम इंडिया ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को मिले प्रतिष्ठित पद्म श्री सम्मान का जश्न मनाया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
हरमनप्रीत कौर को भारतीय क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया। यह सम्मान ऐसे समय में मिला है जब कुछ महीने पहले ही हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने 2025 में घरेलू धरती पर ICC वूमेन्स ODI कप जीतकर इतिहास रचा था। यह भारत का लंबे समय बाद सीनियर वूमेन्स लेवल पर पहला ICC खिताब था।
इंग्लैंड दौरे की शानदार शुरुआत
T20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज खेलेगी। इस अहम सीरीज से पहले टीम इंडिया ने अपने अभ्यास मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया है। चेल्म्सफोर्ड के द एम्बेसडर क्रूज लाइन ग्राउंड में खेले गए वॉर्म-अप मैच में भारत ने ECB डेवलपमेंट वूमेंस इलेवन को 7 विकेट से हरा दिया। अब टीम इंडिया 28 मई से 3 मैचों की T20I सीरीज में इंग्लैंड का सामना करेगी। पहला मुकाबला चेम्सफोर्ड में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें:
विराट-राहुल को किया नजरअंदाज, CSK के पूर्व स्टार ने वैभव सूर्यवंशी को IPL 2026 की बेस्ट XI में दी जगह
इंग्लैंड की धरती पर टीम इंडिया दम दिखाने के लिए तैयार, देर रात होगा मुकाबलों का आगाज, ये रहा पूरा शेड्यूल
Latest Cricket News