1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया का किससे होगा मुकाबला, दो टीमें के बीच आज होगी जंग

एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया का किससे होगा मुकाबला, दो टीमें के बीच आज होगी जंग

एशिया कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान का मुकाबला श्रीलंका से होगा, वहीं भारतीय टीम किससे भिड़ेगी, इसका फैसला आज रात तक हो जाएगा। आज बांग्लादेश और यूएई की टीमें आमने सामने होंगी।

Harmanpreet Kaur and Smriti Mandhana- India TV Hindi
Image Source : PTI हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना

महिला एशिया कप 2026 में अब आखिरी के कुछ मैच होने बाकी हैं। अब तक तीन टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, लेकिन चौथी टीम का नाम तय होना अभी बाकी है। इस बीच अभी ये भी तय नहीं हो पाया है कि भारत का मुकाबला सेमीफाइनल में किससे होगा, लेकिन आज एक अहम मैच होना है। इसी के बाद तय होगा कि हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया फाइनल में जाने के लिए किससे भिड़ेगी। 

भारत और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका की टीम भी सेमीफाइनल में पहुंची

ग्रुप ए में भारत ने तो पहले ही सेमीफाइनल में अपनी सीट बुक कर ली थी। इसके बाद पाकिस्तान ने भी जगह बना ली। यानी इस ग्रुप से थाईलैंड और हांगकांग चाइना अब बाहर हो चुकी हैं। उनका खेल खत्म हो गया है। भारतीय टीम जहां एक ओर अपने तीन के तीन मैच जीतकर और पहले नंबर पर रहते हुए  सेमीफाइनल में पहुंची है, वहीं पाकिस्तान ने तीन में से दो मैच जीतकर वहां जगह बनाई है। ग्रुप बी से अब तक केवल श्रीलंका ने ही सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है। इंडोनेशिया की टीम तीन के तीन मैच हार चुकी है। लेकिन अब सेमीफाइनल में जाने वाली दूसरी टीम कौन सी होगी, इसका फैसला आज होगा। 

आज आखिरी लीग मैच में बांग्लादेश और यूएई के बीच मैच

आज एशिया कप का आखिरी लीग मैच होगा। बांग्लादेश और यूएई ने अब तक अपने दो दो मैच खेले हैं, दोनों ने एक एक मैच जीतकर अब तक दो अंक हासिल कर लिए हैं। आज इन्हीं दो टीमें के बीच मैच खेला जाएगा। जो टीम आज का मैच जीतेगी, वो सेमीफाइनल में चली जाएगी और हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी। अभी नेट रन रेट के आधार पर बांग्लादेश की टीम आगे है, लेकिन इसका अब ज्यादा महत्व नहीं रह गया है। जो टीम जीतेगी, उसके चार अंक हो जाएंगे, वहीं हारने वाली टीम दो अंक लेकर बाहर हो जाएगी। 

सेमीफाइनल में बांग्लादेश और यूएई में एक टीम का होगा भारत से मुकाबला

सेमीफाइनल में ग्रुप ए की टॉप पर रहने वाली टीम का मैच ग्रुप बी में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से होगा। यानी जो टीम आज का मैच जीतेगी, वो दूसरे नंबर पर ही रहेगी, क्योंकि श्रीलंका के छह अंक हो चुके हैं। यानी आज जो टीम जीतेगी, उसका मैच भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान का मैच श्रीलंका से तय हो गया है। यानी आज का मैच बांग्लादेश और यूएई के लिए काफी अहम होने वाला है। 

यह भी पढ़ें 

BCCI ने ऑस्ट्रेलिया सीरीज से रोहित यादव को किया बाहर, U19 टीम में दो प्लेयर्स की हुई एंट्री

करुण नायर का सेलेक्टर्स को करारा जवाब, दलीप ट्रॉफी फाइनल से बाहर होते ही ठोक दिया शतक

Latest Cricket News