भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की अनऑफिशियल सीरीज के लिए इंडिया ए की टीम में एक बदलाव किया है। स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत पूरी तरह फिट न होने के कारण चोट के चलते इस टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह बीसीसीआई ने 21 साल के युवा विकेटकीपर कुमार कुशाग्र को फिलहाल शुरुआती दो मैचों के लिए टीम में शामिल किया है। ऋषभ पंत तीसरे मैच में खेलेंगे या नहीं, इस बारे में फैसला बाद में लिया जाएगा।
ऋषभ पंत को लेकर बीसीसीआई ने क्या कहा?
बीसीसीआई ने जब कुछ दिन पहले टीम का ऐलान किया था तभी यह साफ हो गया था कि पंत का चयन फिटनेस के अधीन हुआ है और अब पूरी तरह फिट न होने की वजह से उन्हें फिलहाल आराम दिया गया है। बीसीसीआई ने एक बयान में बताया कि ऋषभ पंत का न्यूजीलैंड दौरे पर जाना उनकी फिटनेस पर निर्भर था, लेकिन वह शुरुआती दो मैचों से बाहर हो गए हैं। ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करते समय उनके शरीर के बाएं हिस्से की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था।
ईरानी कप में कैसा रहा था पंत का प्रदर्शन?
ऋषभ पंत बीसीसीआई के डॉक्टरों की देखरेख में हैं और तेजी से ठीक हो रहे हैं। तीसरे मैच में वह खेलेंगे या नहीं, इस पर फैसला बाद में लिया जाएगा। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर को हराकर ईरानी कप जीता था, लेकिन उस मैच की दोनों पारियों में पंत का प्रदर्शन खराब रहा था और दोनों पारियों में वह 10 और 8 का स्कोर बना पाए थे।
कुमार कुशाग्र का कैसा रहा है फर्स्ट क्लास क्रिकेट में प्रदर्शन
ऋषभ पंत की जगह टीम में चुने गए विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज की पांच पारियों में एक शतक लगाते हुए कुल 187 रन बनाए हैं। उनके करियर की बात करें तो कुशाग्र ने अब तक 38 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इन मैचों की 61 पारियों में उन्होंने 42.49 की शानदार औसत से कुल 2507 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। इस फॉर्मेट में उनका सबसे बड़ा स्कोर 207 रन रहा है। इसके अलावा, विकेटकीपिंग करते हुए उन्होंने 66 कैच लपके हैं और 15 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है।
इंडिया ए का अपडेटेड स्क्वॉड: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, औकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर, पहला और दूसरा मैच)।
यह भी पढ़ें
तिलक वर्मा ने रोहित-विराट वाले क्लब में बनाई जगह, T20I के टॉप-5 फील्डर्स में शामिल हुआ नाम
ECB ने किया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान, 30 खिलाड़ियों को मिली जगह, 32 साल के बॉलर की वापसी
Latest Cricket News