1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: भारत के 4 बल्लेबाजों ने कर दिया बड़ा कमाल, टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा करिश्मा

IND vs ENG: भारत के 4 बल्लेबाजों ने कर दिया बड़ा कमाल, टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा करिश्मा

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला गया। ये मैच अंत में ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस मैच की दूसरी पारी में भारत के लिए गिल, जडेजा और सुंदर ने शतक लगाया।

Shubman Gill & KL Rahul- India TV Hindi
Image Source : GETTY शुभमन गिल और केएल राहुल

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला गया। इस मैच की दूसरी पारी में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिस वजह से ये मुकाबला अंत में ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस सीरीज में अब तक टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। भारतीय टेस्ट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब 4 बल्लेबाजों ने एक सीरीज में 400 से अधिक रन बनाए हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल, केएल राहुल, ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने टीम इंडिया के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया है। ये सभी 4 बल्लेबाज इस सीरीज में 400 से अधिक रन बना चुके हैं और भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा करिश्मा पहली बार हुआ है। इससे पहले किसी टेस्ट सीरीज में ऐसा नहीं हुआ था।

मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ करवाने में इन 4 बल्लेबाजों की भूमिका रही अहम

मैनचेस्टर टेस्ट मैच ड्रॉ करवाने में भी इन चार बल्लेबाजों का योगदान काफी अहम रहा। दरअसल इंग्लैंड ने पहली पारी में 669 रन बनाकर 311 रन की बढ़त हासिल की थी। जवाब में टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी। भारत के दो बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद शुभमन गिल और केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 421 गेंदों में 188 रनों की साझेदारी हुई। राहुल 90 रन बनाकर आउट हुए तो वहीं शुभमन गिल ने 103 रनों की पारी खेली।

रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने जड़ा शतक

गिल और राहुल के आउट होने के बाद टीम इंडिया के फैंस ने उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर अलग माइंडसेट के साथ उतरे थे। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए भारत को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 203 रनों की पार्टनरशिप हुई। सुंदर 206 गेंदों पर 101 और रवींद्र जडेजा 185 गेंदों पर 107 रन बनाकर नाबाद लौटे। इन दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी के सामने इंग्लैंड के गेंदबाज बेबस नजर आए और अंत में मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

यह भी पढ़ें:

रवींद्र जडेजा का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट में ये कमाल करने वाले बने पहले भारतीय

3000+ रन बनाकर टीम इंडिया के नाम हुआ कीर्तिमान, इंग्लैंड में पहली बार हुआ ऐसा अजूबा

Latest Cricket News